
श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी जिले के श्रीनगर में ट्यूशन से घर लौट रहे स्कूटी सवार किशोर की संयुक्त उप जिला चिकित्सालय के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर यूटिलिटी वाहन की चपेट में आने से मौत गई है।
मिली जानकारी के अनुसार टिहरी जिले के कीर्तिनगर नैथाना निवासी (17) वर्षीय मुकुल सिंह नेगी पुत्र सुरेंद्र सिंह नेगी स्कूटी पर सवार था। बीते रविवार की शाम वो अपने साथी अनुज सिंह के साथ ट्यूशन से घर लौट रहा था। तभी जैसे ही उनकी स्कूटी ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल संयुक्त उप जिला अस्पताल के पास पहुंची तो सामने से आ रही यूटिलिटी वाहन संख्या UK 07CB-7773 की चपेट में आ गई। और स्कूटी सवार किशोर मुकुल गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे आसपास के लोगों द्वारा तुरंत उप जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां पर उसकी स्थिति नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उसे बेस अस्पताल के लिए रेफर किया। इस दौरान मुकुल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं स्कूटी चालक अनुज भी हादसे में घायल हुआ है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है वहीं उन्होंने यूटिलिटी चालक को पकड़ने की मांग की है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है मृतक मुकुल 11वीं का छात्र था।


