
– नार्को से रोकने के लिए स्कॉर्पियो औवर 25 लाख का ऑफर मिला : उर्मिला
– दर्शन को लपेटा उर्मिला ने…नीलम मर्डर को भी किया जिक्र
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो मामले में शुक्रवार को देहरादून की सीबीआई कोर्ट में अहम सुनवाई हुई। अदालत ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का आदेश दिया है। यह टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में होगा।

अंकिता भंडारी हत्याकांड के वीआईपी की जंग लड़ रही उर्मिला ने दून में सीबीआई कार्यालय के बाहर मौजूद मीडिया से अपने विशेष अंदाज में बात कही। जेल से छूटने के बाद उर्मिला ने कहा था कि वो दीवाली के बाद बम फोड़ेगी। और शुक्रवार को 25 लाख और स्कार्पियो का जिक्र कर दर्शन, डीएस रावत को कठघरे में खड़ा कर दिया।
जानकारी के अनुसार पॉलीग्राफ टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं हुई है। पहले उर्मिला का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद उन्हें गांधीनगर ले जाया जाएगा। कोर्ट में पेशी के दौरान उर्मिला ने एक बार फिर सनसनीखेज आरोप लगाकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी। अभिनेत्री उर्मिला सनावर 6 नवंबर 2026 को हरिद्वार जिला जेल से रिहा हुईं थी। उन्हें 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था और दो मुकदमों में जमानत मिलने के बाद करीब 12-13 दिन बाद जेल से बाहर आईं।
उर्मिला ने आरोप लगाया कि उन्हें 26 तारीख को नार्को टेस्ट में शामिल होने से रोकने के लिए प्रलोभन दिया गया। उनका दावा है कि दर्शन भारती उर्फ डीएस रावत ने उन्हें स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये देने की पेशकश की थी। उन्होंने कहा, रात को उसने मुझे स्कॉर्पियो गाड़ी और पच्चीस लाख रुपये का प्रलोभन दिया। कहा कि तुम छब्बीस तारीख को वहां नहीं जाओगी। बस इतनी सी बात हुई।
उर्मिला के अनुसार, जब उन्होंने नार्को टेस्ट में जाने और पुलिस को बयान देने की बात कही, तो उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई। उन्होंने दावा किया कि 26 तारीख से पहले उन्हें रोकने के लिए पूरी साजिश रची गई।उन्होंने कहा कि मैंने कह दिया था कि 26 तारीख को जब नार्को टेस्ट के लिए आऊंगी, तो उधर भी आऊंगी और बयान भी दे दूंगी। लेकिन इन्होंने सोचा कि 26 तारीख को तो यह पहुंच जाएगी। इसलिए 26 से पहले ही पूरा प्रपंच रचा गया।
दीवाली से ठीक पहले हरिद्वार की रोशनाबाद जेल से रिहा होने के बाद उर्मिला ने जमकर आरोप लगाए थे। शुक्रवार को कोर्ट परिसर में भी उन्होंने अपनी बात दोहराई। उन्होंने भाजपा में गुटबाजी का भी जिक्र किया। उर्मिला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में तीन ग्रुप हैं। एक धामी ग्रुप है और दो ग्रुप हरिद्वार के हैं। मैंने कहा था कि अगर मेरा नार्को टेस्ट होगा तो अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नीलम हत्याकांड तक के सारे राज खुल जाएंगे।
उनका आरोप है कि नीलम हत्याकांड का मामला हरिद्वार से जुड़ा है। इसलिए हरिद्वार से जुड़े लोगों ने उन्हें रोकने के लिए बैठक की। उर्मिला ने कहा कि हरिद्वार वालों ने पूरी मीटिंग बनाई कि इसको नार्को में जाने से कैसे रोकें। क्योंकि अंकिता कांड तो इनसे संभल नहीं रहा, एक नीलम कांड और उजागर हो जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि नीलम हत्याकांड में किसने मारा, कहां फेंका और उसमें कौन-कौन शामिल है, यह सब सामने आ जाएगा। उन्होंने कहा कि इसमें कई ऐसे लोग शामिल हैं जो आज बड़े नेता बनकर पदों पर बैठे हैं। नीलम हत्याकांड का जिक्र कर उर्मिला ने हरिद्वार से जुड़े भाजपा नेता को संदेह के घेरे में।ला दिया है। 2007 में भाजपा सरकार बनने के बाद नीलम हत्याकांड को लेकर काफी बवाल मचा था। चर्चा थी कि हत्या दिल्ली में कई गयी। बाद में यह मामला दबा दिया गया था।
उर्मिला ने हरिद्वार पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस सात-आठ गाड़ियों के साथ पहुंची। उनका आरोप है कि पूरे मोहल्ले के सीसीटीवी बंद करवाए गए और उनके घर की सीडीआर निकाली गई। उन्होंने कहा कि आप मुझे किडनैप कर रहे हैं। आपने पूरे मोहल्ले के सीसीटीवी बंद करवाए, मेरे घर की सीडीआर निकाली। थाने से सब चीजें लेकर आए, मेरा फोन रीसेट कर दिया और कैमरे की सीडीआर में से सब गायब कर दिया।
उन्होंने पटेल नगर थाने से आए फोन का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, फोन पर कहा गया कि उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हो रही है और बयान देने के लिए आ जाएं। उर्मिला ने कहा कि उन्होंने 26 तारीख को आने की बात कही थी।
उन्होंने थाने में हुई पूछताछ पर भी सवाल उठाए। उर्मिला ने दावा किया कि एक व्यक्ति बिना नेमप्लेट और बिना वर्दी के बैठा था और पूछ रहा था कि सीबीआई ने क्या-क्या पूछा। बाद में उन्हें बताया गया कि वह एसपी सिटी हैं।उन्होंने कहा कि वह मुझसे सर-सर करके बात कर रहा था। कोई नेमप्लेट नहीं थी, कोई पुलिस की वर्दी नहीं थी। मैंने पूछा कि कौन है, तो कहा गया कि हमारे एसपी सिटी हैं।
उर्मिला ने आरोप लगाया कि उन्हें बुखार की हालत में लाया गया, लेकिन अस्थमा की दवाई नहीं लाने दी गई। उन्होंने कहा कि उनके कुत्तों को घर के बाहर खुला छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि मेरे कुत्ते गाड़ी के पास घूम रहे थे। मतलब नीचता की हद है।
उर्मिला ने पुलिस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मैंने इसीलिए कहा था कि वेश्या सिर्फ अपना शरीर बेचती है, अपना ईमान नहीं बेचती। लेकिन उत्तराखंड पुलिस ने अपनी वर्दी के साथ-साथ अपना ईमान भी बेच दिया।
फिलहाल, सभी की नजर गांधीनगर में होने वाले नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट पर टिकी है। माना जा रहा है कि इस टेस्ट के बाद अंकिता भंडारी मामले में कई नए खुलासे हो सकते हैं।

उर्मिला के आरोप बेबुनियाद-दर्शन भारती
वहीं दूसरी ओर उत्तराखंड में हिंदुत्व और सनातनी एजेंडा को ध्वजवाहक के रूप में लेकर चल रहे स्वामी दर्शन भारती ने बताया कि उर्मिला के आरोप पूर्णत बुनियाद और निराधार हैं. सबसे हास्यास्पद बात यह है कि पहले इस महिला ने 50 करोड़ की बात कही और अब स्कॉर्पियो और 25 लाख की बेतुकी बातों को कहकर बेवजह लाइमलाइट में और मीडिया में बना रहना चाहती है।


