
– लंबित डिजाइन एवं ड्रॉइंग के शीघ्र अनुमोदन, महत्वपूर्ण कार्यों की दिवसवार कार्ययोजना और सुरक्षा मानकों के कड़ाई से अनुपालन के निर्देश
पहाड़ का सच देहरादून। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने तथा निर्माण कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से यूजेवीएन लिमिटेड के मुख्यालय ‘उज्ज्वल’ में प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड, परियोजना प्रबंधन परामर्शदाता टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स (टीसीई) तथा कार्यदायी संस्था लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड (एलएंडटी) के वरिष्ठ अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में परियोजना के विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, निर्धारित माइलस्टोन के सापेक्ष उपलब्धियों, कार्यों में आ रही बाधाओं तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना अनेक राज्यों के लिए महत्वपूर्ण है तथा उत्तराखंड को ऊर्जा प्रदेश बनाने के लक्ष्य की दिशा में इसकी अहम भूमिका है। निगम प्रबंधन परियोजना को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति में हुई कमी को दूर करने के लिए साप्ताहिक लक्ष्य तय किए जाएंगे तथा प्रत्येक सप्ताह उनकी प्रगति की गहन समीक्षा की जाएगी। महत्वपूर्ण कार्यों की दिवसवार कार्ययोजना बनाकर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
एमडी ने बताया कि बैठक में बांध, रिवर डायवर्जन, अपस्ट्रीम कॉफर डैम, शीयर जोन उपचार, एक्सेस टनल, प्रेशर शाफ्ट, पावर इंटेक तथा हाइड्रोमैकेनिकल एवं इलेक्ट्रोमैकेनिकल (HM/EM) इंटरफेस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। परियोजना के डिजाइन एवं ड्रॉइंग को शीघ्र अंतिम रूप देने तथा लंबित ड्रॉइंग के अनुमोदन में तेजी लाने के लिए एलएंडटी को कड़े निर्देश दिए गए। कंपनी को डिजाइन संबंधी विषयों के त्वरित समाधान तथा अनुमोदन प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब रोकने के लिए अपने डिजाइन इंजीनियरों एवं संबंधित विशेषज्ञों को परियोजना स्थल पर तैनात करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों की गति प्रभावित न हो।
परियोजना के सिविल एवं इलेक्ट्रिकल-मैकेनिकल कार्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा तकनीकी बाधाओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए निर्धारित माइलस्टोन के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, कार्यों के दौरान आने वाली जटिलताओं की समय रहते पहचान कर उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में सुरक्षा, गुणवत्ता एवं पर्यावरणीय अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। श्री सिंह ने बताया कि कार्यस्थल पर नियंत्रित ब्लास्टिंग, मलबे के उचित निस्तारण, धूल नियंत्रण तथा संवेदनशील क्षेत्रों में निर्माण कार्य प्रारंभ करने से पूर्व आवश्यक तकनीकी परीक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने तथा श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा उपकरण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
परियोजना के निर्माण कार्यों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक वैधानिक स्वीकृतियों तथा प्रशासनिक मामलों की भी समीक्षा की गई। साइट इंजीनियरों को जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आवश्यक अनुमतियों के अभाव में कार्य प्रभावित न हों।
भूमि अधिग्रहण, पुनर्वास एवं पुनर्स्थापन से संबंधित विषयों की समीक्षा करते हुए देहरादून जनपद में मुआवजा वितरण की प्रक्रिया की सतत निगरानी करने तथा पात्र प्रभावित व्यक्तियों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शेष प्रशासनिक मामलों को जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निस्तारित करने पर भी बल दिया गया।
श्रमिकों से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान एलएंडटी को निर्देशित किया गया कि श्रमिकों की समस्याओं का यथासंभव परियोजना स्थल पर ही समाधान किया जाए, जिससे निर्माण कार्यों में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। इसके साथ ही श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर आवश्यक सुविधाओं तथा कार्यबल के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रबंध निदेशक श्री अजय कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि परियोजना के निर्धारित लक्ष्यों एवं माइलस्टोन की प्राप्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को संशोधित समय-सारिणी के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए परियोजना को निर्धारित समय पर कमीशन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परियोजना की प्रगति की नियमित एवं साप्ताहिक आधार पर समीक्षा की जाएगी तथा निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष कमियों की पहचान कर उनके निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना की समयबद्ध पूर्णता निगम प्रबंधन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक परिचालन जीएस बुदियाल, अधिशासी निदेशक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक सिविल सुजीत कुमार सिंह, महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक संजय जोशी सहित अन्य अधिकारी तथा टाटा कंसल्टेंट इंजीनियरिंग एवं लार्सन एंड टुब्रो के अधिकारी उपस्थित रहे।


