सोमवार 31 अगस्त को राज्य की सभी थाने चौकियों में भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराएगी कांग्रेस
हल्द्वानी में कथित शुद्धिकरण यज्ञ(हवन) कराने वाले युवक भी होंगे नामजद
लक्सर में दलित मुद्दे पर कांग्रेस में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंका
अब तक के घटनाक्रम से दिल्ली में खड़गे को अपडेट किया पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल ने
पहाड़ का सच देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद कथित शुद्धिकरण यज्ञ के हवन की लपटों की तीव्रता बढ़ती जा रही है। उभयपक्षों के नेताओं के बयान इन लपटों के लिए घी का काम कर रहे हैं।
सोमवार 31अगस्त को सभी जिला,महानगर, ब्लॉक व तहसील कांग्रेस कमेटी इस प्रकरण में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व हल्द्वानी में शुद्धिकरण यज्ञ कराने वाले युवकों के खिलाफ राज्य की सभी थाने व चौकियों में मुकदमा या तहरीर दर्ज कराएंगे। कांग्रेस मुख्यालय ने सभी कमेटियों को निर्देश दिए हैं कि 31अगस्त सोमवार को सुबह 11 बजे तक मुकदमे या तहरीर दर्ज कर मुख्यालय को सूचित करें।

कांग्रेस के इस ऐलान की पुष्टि करते हुए प्रदेश महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि मुकदमे या तहरीर देने के एक दो दिन इंतज़ार के बाद यदि उपरोक्त के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होती है तो 5 या 7 सितंबर के बीच लोकभवन या मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।

गोदियाल ने दिल्ली में खड़गे को ब्रीफ किया
उधर, रविवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को हल्द्वानी की घटना के बाद उत्तराखंड कांग्रेस द्वारा पूर्व में आयोजित कार्यक्रमों व अगले कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। वैसे भी हाल ही में खड़गे ने एक बयान में कहा था कि हल्द्वानी की घटना के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने सरकार व भाजपा के खिलाफ तीखा व सख्त प्रतिरोध किया। उत्तराखंड कांग्रेस के आंदोलन को सराहा गया है।

लक्सर में भाजपा अध्यक्ष का पुतला फूंका
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया और भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का पुतला फूंका।
रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए महेंद्र भट्ट का पुतला फूंका और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। लक्सर कस्बे के बालों वाली तिराहे पर इकट्ठे हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में जातिवाद की राजनीति को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस की रैली के बाद जिस तरह शुद्धिकरण की बात सामने आई, उससे दलित समाज का अपमान हुआ है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि दलित समाज के साथ कथित भेदभाव और उत्पीड़न का जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में जनता देगी। उन्होंने भाजपा पर कथनी और करनी में अंतर होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी धर्म, जाति और अन्य मुद्दों के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है।
प्रदर्शन करने वालों में जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, प्रदेश सचिव संदीप चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय सैनी, जिला प्रवक्ता संजय वर्मा, नगर अध्यक्ष चौधरी भगत सिंह, गुफरान अंसारी, संवर अली, लोकेश कुमार, अमित कुमार शर्मा उर्फ डोनू, ताहिर हसन, सुल्तानपुर अध्यक्ष चौधरी सत्यजीत सिंह, कमलकांत सैनी, रोहित कुमार, विक्रम सैनी, जगबीर सिंह, रजत, अनीता बर्मन, राहुल, सनत पवार, अवतार सिंह, राकेश कुमार, विवेक कुमार, सदावली, शमशाद, जहांगीर अली, मनोज वर्मा और तपन बनर्जी आदि मौजूद रहे

