देहरादून/ विकासनगर। जनपद के चकराता क्षेत्र में लालपुल के पास एक कार अनियंत्रित होकर करीब 35 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना में सभी पांच लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने खाई में उतरकर सभी घायलों तक पहुंच बनाई और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।
सड़क हादसे की सूचना स्थानीय लोगों ने 112 के माध्यम से पुलिस-प्रशासन को दी। जिसके बाद एसडीआरएफ चकराता से उप निरीक्षक जसपाल सिंह के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर टीम को कार संख्या DL9C 8092 सड़क से लगभग 35 मीटर नीचे खाई में गिरी हुई मिली। एसडीआरएफ टीम द्वारा स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
घायलों में रोहन कुमार, उम्र करीब 23 वर्ष, निवासी नई दिल्ली अभिषेक दुबे, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली अभिषेक, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी नोएडा, उत्तर प्रदेश शिवानी सिंह, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश प्रिंस राज, उम्र करीब 22 वर्ष, निवासी वाराणसी, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया कार के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह बताया जा रहा है।

