
रुद्रप्रयाग। जिले के बसुकेदार क्षेत्र में रविवार को लगातार हो रही बारिश के बीच ग्राम स्वारा के नामी तोक क्षेत्र में घास काटने गई एक महिला उफनते गदेरे के तेज बहाव में बह गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद महिला का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 2 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11 बजे की है। ग्राम प्रधान सेमकोटी ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रुद्रप्रयाग को सूचना दी कि ग्राम स्वारा के तिमली क्षेत्र से आगे घास लेने गई एक महिला अचानक उफनते गदेरे की चपेट में आ गई। तेज बहाव के कारण महिला देखते ही देखते पानी में बह गई है।
पुलिस और प्रशासन ने मृतका की पहचान 38 वर्षीय विनीता देवी, पत्नी हिम्मत सिंह नेगी, निवासी ग्राम कोटी के रूप में की है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

