
कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा 9 जुलाई से
पहाड़ का सच देहरादून। कांग्रेस पार्टी राज्य विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी धार को तेज करना चाहती है। वर्तमान में पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभाओं में परिवर्तन संकल्प सम्मेलन में जुटी कांग्रेस की चुनावी गति को तेज करने के लिए लिए पार्टी के महासचिव संगठन दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल आगामी 9 और 10 जुलाई को उत्तराखंड के दो दिवसीय सांगठनिक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे राजधानी देहरादून में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेताओं, नवगठित जिला कार्यकारिणी और विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मैराथन बैठकें कर संगठन की मजबूती की समीक्षा करेंगे।

उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने बताया कि पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव संगठन के सी वेणुगोपाल को अपने दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। वेणुगोपाल 9 जुलाई 2026 को अपराह्न 12 बजे प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, केन्द्रीय इलेक्शन कमेटी (सीईसी) सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सीडब्लूसी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसके उपरान्त अपराह्न दो बजे प्रदेश कांग्रेस राजनीतिक मामले समिति के सदस्यों की बैठक लेंगे।
उसी दिन शाम चार बजे जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों एवं छह बजे पार्टी के अनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। वेणुगोपाल 10 जुलाई 2026 को प्रात दस बजे से पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा अपराह्न तीन बजे पत्रकार वार्ता को संबोधित करने के उपरान्त नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

