
ध्यानी ने कार्यभार ग्रहण किया, उपभोक्ता सेवाओं एवं ऊर्जा क्षेत्र के आधुनिकीकरण को बताया प्राथमिकता
चार साल पिटकुल में प्रबंध निदेशक रहे, उत्कृष्ट कार्य की सभी ने की सराहना, पूर्व में चार साल ऊर्जा निगम में निदेशक मानव संसाधन रहे
पिटकुल को बड़े लाभांश में लाए, सालों से लंबित प्रोजेक्ट्स किए समय से पूरे
पहाड़ का सच देहरादून। पीसी ध्यानी ने गुरुवार को ऊर्जा निगम के नए प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। इस अवसर पर उन्होंने सभी कार्मिकों से मिलजुल कर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि निगम को लाभांश में लाना उनका मुख्य ध्येय रहेगा।

मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित चयन प्रक्रिया के उपरांत पीसी ध्यानी को यूपीसीएल का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया। शासन के आदेश के अनुपालन में विधिवत रूप से उन्होंने प्रबंध निदेशक पद का कार्यभार ग्रहण किया। पीसी ध्यानी इससे पूर्व पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखण्ड लिमिटेड (पिटकुल) में निदेशक (मानव संसाधन) के रूप में कार्यरत थे तथा साथ ही उनके द्वारा प्रभारी प्रबन्ध निदेशक, पिटकुल का अतिरिक्त दायित्व भी संभाला जा चुका है। वर्ष 2016 से लगभग चार वर्षों तक ध्यानी यूपीसीएल के निदेशक (मासं) के रूप में कार्य कर चुके हैं।

साल 1988 में उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत परिषद (हाइड्रो इलैक्ट्रिक पावर) से अपने सेवाकाल की शुरुआत करने वाले ध्यानी द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए वर्ष 2022 में प्रबन्ध निदेशक (प्रभारी) पिटकुल का दायित्व संभाला गया। लगभग चार दशक के अपने समृद्ध बहुआयामी कार्यक्षेत्र एवं कुशल प्रबंधकीय अनुभव के दौरान उन्होंने प्रदेश हित में अनेक उल्लेखनीय योगदान दिये हैं।
कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत ध्यानी ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार एवं कृत्ज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर व्यक्त किए गए विश्वास पर वे पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व एवं परिणामोन्मुख कार्यशैली के माध्यम से खरा उतरने का हर सम्भव प्रयास करेंगे। यूपीसीएल को उपभोक्ता-केंद्रित, आधुनिक एवं लाभ अर्जित करने वाली विद्युत वितरण कंपनी के रूप में स्थापित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के सभी उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण, विश्वसनीय एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए वितरण नेटवर्क के सुदृढीकरण, स्मार्ट तकनीकों के उपयोग तथा डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सभी वितरण अधिकारियों को विद्युत चोरी में लगाम लगाने, बिलिंग दक्षता बढ़ाने पर ध्यान केन्द्रित करते हुए राजस्व संग्रहण में वृद्धि तथा परिचालन दक्षता में सुधार हेतु प्रभावी एवं परिणामकारी कदम उठाने हेतु भी निर्देशित किया।
ध्यानी ने कहा कि विद्युत अवसंरचना के आधुनिकीकरण, स्मार्ट मीटरिंग, उपभोक्ता सेवाओं के डिजिटलीकरण, शिकायत निवारण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी। साथ ही केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की ऊर्जा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं नीतिगत लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से क्रियान्वित किया जाएगा।
उन्होंने जोर दिया कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पदोन्नति, एसीपी इत्यादि से सम्बन्धित प्रकरण ससमय निस्तारित किया जाए तथा आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत आवश्यक सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही आगामी वर्ष में दिव्य व भव्य कुम्भ मेला के आयोजन के दृष्टिगत सुचारू विद्युत व्यवस्था बनाये रखने हेतु किये जाने वाले कार्यों को ससमय पूरा करने हेतु निर्देशित किया।
ध्यानी ने विश्वास व्यक्त किया कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग, अनुभव एवं समर्पण के बल पर यूपीसीएल राज्य के विद्युत क्षेत्र में नई उपलब्धियां स्थापित करेगा तथा उत्तराखण्ड के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। प्रबंध निदेशक का कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर यूपीसीएल के निवर्तमान प्रबन्ध निदेशक जीएस बुदियाल ने ध्यानी को शुभकामनायें प्रेषित की तथा उत्तरांचल पावर इंजीनियर्स एसोसिएशन, लेखा संवर्ग तथा कार्यकारी अध्यक्ष, हाइड्रो इम्पलाइज यूनियन (इंटक) एवं अन्य संगठनों द्वारा भी पुष्पगुच्छ भेंट कर अभिनन्दन व स्वागत किया गया।
इस अवसर पर निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एमआर आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मासं) डॉ० आर जे मलिक, मुख्य अभियन्ता जसवन्त सिंह व अमित कुमार, कम्पनी सचिव, श्रीमती प्रियंका दुआ सहित निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नवनियुक्त प्रबन्ध निदेशक को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अनुभव एवं दूरदर्शी सोच से यूपीसीएल उपभोक्ता सेवा, वितरण दक्षता एवं संगठनात्मक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

