
पौड़ी। जनपद के नैनीडांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार ने घास काटने गई महिला पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 से 11 बजे गांव की दो महिलाएं शांति देवी और सुशीला देवी जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक हमला कर सुशीला देवी को अपना शिकार बना लिया। प्रत्यक्षदर्शी शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को मौके पर बुलाया, लेकिन जब तक लोग वहां पहुंचे, तब तक गुलदार महिला की जान ले चुका था।
घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दे दी गई है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने या आदमखोर घोषित कर कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वन्यजीव हमलों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो जनप्रतिनिधियों का घेराव किया जायेगा।

