
पहाड़ का सच/एजेंसी।
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने सोमवार को कहा कि INDIA ब्लॉक को मजबूत करने के लिए एमके स्टालिन सबसे सही नेता हैं, जबकि राहुल गांधी प्रधानमंत्री बन सकते हैं। अय्यर ने कहा कि राहुल भूल गए हैं कि मैं पार्टी का मेंबर हूं। इसलिए मैं गांधीवादी, नेहरूवादी और राजीववादी हूं लेकिन राहुलवादी नहीं हूं।
अय्यर ने कांग्रेसी नेताओं को सुनाई खरी खोटी
अय्यर ने एक मीडिया चैनल से बातचीत में कहा कि कांग्रेस सांसद शशि थरूर एंटी-पाकिस्तान हैं। वे अगले विदेश मंत्री बनना चाहते हैं। अय्यर ने पवन खेड़ा को प्रवक्ता की जगह ‘तोता’ बताया। उन्होंने कहा- पवन खेड़ा वही दोहराते हैं, जो जयराम रमेश उन्हें बताते हैं।
पवन खेड़ा ने दी सफाई
इसके बाद पवन खेड़ा ने X पर लिखा- मणिशंकर अय्यर का पिछले कुछ सालों से कांग्रेस से कोई संबंध नहीं है। वे अपनी व्यक्तिगत क्षमता से बोलते और लिखते हैं। और उन्होंने उनके बयान को बुढापे का असर बताया।
केरल विधानसभा चुनाव नहीं जीतेगी कांग्रेस
केरल विधानसभा चुनाव को लेकर अय्यर ने कहा- मैं चाहता हूं कि कांग्रेस जीते, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वह जीतेगी। कांग्रेस नेता आपस में बंटे हुए हैं। वे कम्युनिस्टों से ज्यादा एक-दूसरे से नफरत करते हैं। उन्होंने पहले भी केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की तारीफ की थी और कहा था कि पिनराई सरकार की उपलब्धियों के बाद वाम सरकार की वापसी संभव है।
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा पार्टी का आधिकारिक रुख अय्यर के बयान से अलग है। इसे कांग्रेस की स्थिति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
कांग्रेस सांसद जेबी मैथर ने कहा – अय्यर ने उन राजनीतिक ताकतों को नहीं समझा है, जो आगामी केरल विधानसभा चुनाव के नतीजों को तय करेंगी।
रमेश चेन्निथला ने कहा – अय्यर ऐसे इंसान हैं जो कुछ भी कह सकते हैं। इसे भी यह सोचकर नज़रअंदाज़ किया जा सकता है कि अय्यर एक अलग सोच वाले सीनियर हैं जिनकी बातें चिड़चिड़े बूढ़े चाचाओं की तरह एक कान से सुनकर दूसरे से निकाल देनी चाहिए
कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा – मैं इतना बता सकता हूं कि अय्यर कांग्रेस पार्टी में नहीं हैं। इसके अलावा मैं और कुछ नहीं कहना चाहता।

