
पहाड़ का सच/एजेंसी।

गाज़ियाबाद। गाजियाबाद में तीन सगी बहनों ने 9वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार रात 2 बजे तीनों बहनें हाथ पकड़कर बालकनी से कूद गईं। गिरने की आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। तीनों बहनों की उम्र 12, 14 और 16 साल है।
मीडिया रिपोर्ट्स में दावा है कि तीनों बहनों को टास्क-बेस्ड कोरियन लव गेम की लत थी। पिता ने उन्हें गेम खेलने से मना किया और फटकार लगाई। इसके चलते तीनों बहनों ने यह कदम उठाया। घटना भारत सिटी बी-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 की है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड आर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया- पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। अभी तक की जांच में आया है कि तीनों ने सुसाइड किया है। तीनों एक साथ ही रहती थीं। मोबाइल से गेम खेलती थीं। किन परिस्थतियों में सुसाइड किया, इसकी जांच की जा रही हैं। तीनों बहनें जिस रूम में सोती थीं, वहां डायरी में सुसाइड नोट मिला। इसमें लिखा था।
मम्मी पापा सॉरी हम ये गेम नहीं छोड़ पा रही हूं। अब आपको यह एहसास होगा कि हम इस गेम से कितना प्यार करते थे, जिस गेम को आप छुड़वाना चाहते थे।
उनके पिता चेतन ने बताया- 8 से 10 पेज का सुसाइड नोट है। इसमें बेटियों ने सुसाइड और गेम के संबंध में बताया। बेटियों ने लिखा- ‘सॉरी पापा, हम गेम नहीं छोड़ सके। कोरियन गेम हमारी जिंदगी, हमारी जान है।’ चेतन कहते हैं- मेरी बच्चियों के साथ बहुत बुरा हुआ। कोई मां-बाप अपने बच्चों को मोबाइल गेम खेलने न दें। कौन सा टास्क हो जाता है, पता नहीं चलता। मुझे पता होता कि क्या टास्क दे रहे हैं तो हम गेम खेलने ही नहीं देते।
चेतन बताते हैं- बेटियां 3 साल से गेम खेल रही थीं। कहती थीं कि हम लोगों को कोरिया जाना है। हम कभी उनके कमरे में चली जाते तो तीनों वहां से दूसरे कमरे में चली जाती थीं। बड़ी बेटी प्राची दोनों को टास्क देती थी। दोनों छोटी बेटियां उसकी हर बात मानती थीं। तीनों एक साथ ही रहती थीं। एक साथ ही टॉयलेट और नहाने जाती थीं।
