
गोली मारने से पहले फेस बुक पर डाला वीडियो, कहा जब आप वीडियो देख रहे होंगे मैं मर चुका होऊंगा

सुखवंत सिंह ने पुलिस प्रशाशन पर लगाए गंभीर आरोप
पहाड़ का सच हल्द्वानी। काशीपुर के पैगा निवासी किसान सुखवंत सिंह ने गौलापार स्थित एक होटल में खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शनिवार की देर रात करीब ढाई बजे की बताई जा रही है। उसने सिर के दाहिने हिस्से से गोली चलाई, जो बाईं ओर से निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह प्रापर्टी के विवाद को लेकर परेशान था।
पुलिस के अनुसार सुखवंत सिंह अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बच्चे के साथ नैनीताल घूमने आया था। रास्ते में परिवार गौलापार के देवभूमि होटल में रुका हुआ था। बताया गया कि काशीपुर में उस पर धोखाधड़ी से जुड़े करीब पांच मुकदमे पहले से दर्ज थे और होटल में भी रुपये से संबंधित किसी मामले को लेकर वह काफी तनाव में था।
रात के समय उसने होटल के कमरे में आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। जब उसने खुद पर गोली चलाने का प्रयास किया तो पत्नी और बच्चे ने उसे रोकने की भरसक कोशिश की। .इस दौरान हथियार छीनने की कोशिश में पत्नी और बच्चे को हल्की खरोंचें भी आईं। काफी समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो पत्नी और बच्चा मदद की गुहार लगाने के लिए नीचे होटल के रिसेप्शन पर चले गए। परिवार के नीचे जाते ही कुछ ही देर में सुखवंत सिंह ने कमरे में खुद को गोली मार ली। आवाज सुनकर होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी।
सीओ अमित कुमार सैनी ने बताया कि यह घटना गौलापार क्षेत्र में रात करीब 2:30 बजे की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और होटल स्टाफ व परिजनों से पूछताछ की जा रही है।
सुखवंत ने वीडियो में कहा कि ये सब एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं, इसमें पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी मिले हुए हैं। उसने उधमसिंह नगर पुलिस के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने दावा किया कि उसने कई बार पुलिस को शिकायती पत्र दिए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसकी मदद करने के बजाय विपक्षी लोगों से पैसे लेकर उसी पर दबाव बनाया।
