
पहाड़ का सच देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी व फील्ड मार्शल के नाम से प्रसिद्ध पूर्व मंत्री दिवाकर भट्ट का निधन का निधन हो गया। उन्होंने मंगलवार को शाम चार बजे हरिद्वार स्थित अपने आवास पर आखिरी सांस ली। भट्ट का बुधवार को हरिद्वार में अन्तिम संस्कार किया जाएगा।


उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापकों में से एक दिवाकर भट्ट 79 वर्ष के थे। पिछले 10 दिनों से इंद्रेश अस्पताल देहरादून में उनका उपचार चल रहा था, लेकिन डॉक्टरों ने आज उन्हें घर भेज दिया था।
दिवाकर भट्ट को उत्तराखंड राज्य आंदोलन के सबसे मजबूत स्तंभों में माना जाता है। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत यूकेडी से हुई। भट्ट ने लंबे समय तक इसी दल में रहकर राज्य आंदोलन का नेतृत्व किया। दिवाकर भट्ट ने हरिद्वार बीएचईएल में नौकरी की और कर्मचारी नेता के रूप में आंदोलनों में भाग लिया। 1970 में ‘तरुण हिमालय ‘ नाम से संस्था बनाई।
इस संस्था के जरिए रामलीला व अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन और एक स्कूल की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में भी काम किया। दिवाकर भट्ट ने 1971 में गढ़वाल विश्वविद्यालय आंदोलन में भी भागीदारी की। उनके तेवर उस जमाने में भी ऐसे थे कि बद्रीनाथ के कपाट खुलने के समय शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका से उन्हें उनके साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया था।
1977 में दिवाकर उत्तराखंड युवा मोर्चा के अध्यक्ष रहे। 1978 में दिल्ली के बोट क्लब पर अलग राज्य की मांग के लिए रैली हुई तो दिवाकर भट्ट उन युवाओं में शामिल थे, जिन्होंने बद्रीनाथ से दिल्ली तक पैदल यात्रा निकाली। इसमें आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी हुई और तिहाड़ जेल में रहना पड़ा। इतना ही नहीं दिवाकर भट्ट 1978 में पंतनगर विश्वविद्यालय कांड के खिलाफ चले आंदोलन में बिपिन त्रिपाठी के साथ सक्रिय रहे।
1979 में ‘उत्तराखंड क्रांति दल’ की स्थापना की गई जिसमें दिवाकर की बड़ी भूमिका रही। तब से दिवाकर राज्य निर्माण आंदोलन में लगातार सक्रिय रहे। 1994 में जब उत्तराखंड राज्य आंदोलन की ज्वाला भड़की तो दिवाकर इस आंदोलन के प्रमुख चेहरों में से एक थे। 1994 के बाद आंदोलन ढीला पड़ा तो उन्होंने नवंबर, 1995 में श्रीयंत्र टापू और दिसंबर, 1995 में खैट पर्वत पर अपना आमरण अनशन किया। श्रीयंत्र टापू में यशोधर बैंजवाल और राजेश रावत शहीद हुए। उनके इस संघर्ष ने केंद्र सरकार को भी हरकत में ला दिया था।
खैट का अनशन
1994 की रामपुर तिराहा की घटना के बाद लोगों में आक्रोश था लेकिन पृथक राज्य की मांग का आंदोलन ठंडा पड़ता जा रहा था। ऐसे में दिवाकर भट्ट ने आंदोलन को गति देने के लिए ऐसी जगह चुनी जहां प्रशासन को पहुंचना भी टेढ़ी खीर थी। 1995-96 में दिवाकर भट्ट अपने साथियों के साथ 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित खैट पर्वत पहुंच गए और अनशन पर बैठ गए। परियों का देश माना जाने वाला यह क्षेत्र बेहद दुर्गम है। इसलिए प्रशासन यहां आसानी से अनशन तुड़वाने नहीं पहुंच सका। 32 दिनों के बाद जब दिवाकर भट्ट की मांगें मानी गई और राज्य निर्माण के लिए गतिविधियां तेज होने लगी तब जाकर दिवाकर भट्ट ने अपना अनशन तोड़ा।
भट्ट का राजनीतिक सफर
दिवाकर भट्ट 1982 से लेकर 1996 तक तीन बार कीर्तिनगर के ब्लॉक प्रमुख रहे। उन्होंने जितने भी विधानसभा चुनाव लडे उनमें उन्हें हमेशा भारी वोट मिला। दिवाकर भट्ट 1999 में उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष रहे। उनके नेतृत्व में लड़े 2002 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के अब तक के सबसे ज्यादा 4 विधायक चुने गए थे।
भाजपा सरकार में राजस्व मंत्री बने
2007 में दिवाकर भट्ट देवप्रयाग से भारी मतों से जीतकर विधायक बने। तब बी सी खंडूड़ी सरकार को यूकेडी का समर्थन था. तो यूकेडी कोटे से दिवाकर भी मंत्री बने। राजस्व मंत्री रहने के दौरान दिवाकर ने भू कानून को सख्त बनाया औऱ भूमि खरीद की सीमा को 500 वर्ग मीटर से घटाकर 250 वर्ग मीचर करवाया। इसके अलावा पहाड़ में पटवारी व्यवस्था सुधारने में भी काम किया।
यूकेडी छोड़ी
मंत्री रहते भट्ट की बीजेपी से नजदीकियां बढी तो दिवाकर भट्ट ने 2012 का विधान सभा चुनाव कमल के निशान पर लड़ा और चुनाव हार गए। इसके बाद यूकेडी अध्यक्ष काशी सिंह ऐरी से मतभेद हुआ तो पार्टी छोड़ दी। 2016 में भाजपा का दामन थाम लिया। लेकिन 2017 के चुनाव से ठीक पहले दिवाकर का भाजपा से मोहभंग हुआ और भाजपा छोड़ दी। तब निर्दलीय चुनाव लड़े और मामूली अंतर से हार गए। इसके बाद दिवाकर फिर से यूकेडी में लौट आए।
