
Lavc57.107.100
देहरादून। 2027 में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में भाजपा ने अपने संगठन में बदलाव करते हुए नए पदाधिकारियों के साथ बैठक कर 2027 चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा करनी शुरू कर दी है। बीजेपी ने 7 सितंबर को अपने नए पदाधिकारियों की घोषणा की थी। उत्तराखंड के 19 संगठनात्मक जिलों में से 16 जिलों में भाजपा ने अपने पदाधिकारियों के नामों का ऐलान किया था।

बीजेपी का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन
इसी क्रम में आज 24 सितंबर को देहरादून के एक होटल में भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त सभी प्रदेश पदाधिकारियों जिला अध्यक्षों, जिला महामंत्रियों, जिला प्रभारी, जिला सह प्रभारी की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
भाजपा ने प्रदेश संगठनात्मक कार्यशाला के साथ मिशन 2027 की तैयारी का बिगुल बजा दिया है। कार्यशाला में राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और सह प्रभारी रेखा वर्मा मौजूद रहे। नए प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी और जिलाध्यक्ष भी इस अहम बैठक में शामिल हुए।
बूथ स्तर पर समन्वय और प्रबंधन को मजबूत करना कार्यशाला का प्रमुख एजेंडा- महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि यह संगठन की पहली कार्यशाला है और अब संगठन का विस्तार बूथ स्तर तक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पोलिंग बूथ ही विजय का मुख्य केंद्र है। इसलिए बूथ स्तर पर समन्वय और प्रबंधन को मजबूत करना कार्यशाला का प्रमुख एजेंडा है। महेंद्र भट्ट ने बताया कि पंचायत, नगर निगम और अन्य स्थानीय चुनावों में भी कार्यकर्ताओं को बूथ प्रबंधन से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और प्रदेश की योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं और 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करें।
सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर टीम भावना से काम करें – पुष्कर सिंह धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह कार्यशाला सभी जिलों के अध्यक्ष, महामंत्री, प्रभारी और मोर्चों के प्रमुखों को नए जोश के साथ एकजुट होकर काम करने का अवसर दे रही है। उन्होंने कहा कि ये सभी लोग लंबे समय से पार्टी के लिए काम कर रहे हैं और अब नए दायित्व मिलने के बाद मिशन 2027 की जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर तक मेहनत करेंगे। सीएम धामी ने आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर टीम भावना से काम करें, ताकि 2027 में प्रदेश में फिर से भाजपा की सरकार बने।
