
– नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष का 18 अगस्त को दोबारा चुनाव

पहाड़ का सच देहरादून।
उत्तराखंड में 11 जिलों के जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के परिणाम घोषित हो चुके हैं। दस जिलों में भाजपा के अधिकृत उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की। कांग्रेस ने देहरादून सीट पर जीत हासिल की। जबकि, नैनीताल सीट पर हाईकोर्ट के निर्देश पर चुनाव फिलहाल टाल दिया गया है। 18 अगस्त को दोबारा वोटिंग होगी।
भाजपा अधिकृत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों दौलत सिंह बिष्ट (चमोली), रचना बुटोला (पौड़ी), हेमा गैड़ा (अल्मोड़ा), पूनम कठैत (रुद्रप्रयाग), शोभा आर्य (बागेश्वर) ने जीत हासिल की। टिहरी गढ़वाल में इशिता सजवाण, उत्तरकाशी में रमेश चौहान, चंपावत आनंत सिंह अधिकारी, उधम सिंह नगर में अजय मौर्या और पिथौरागढ़ में जितेंद्र प्रसाद भाजपा के अधिकृत निर्विरोध जीत हासिल कर चुके हैं। कांग्रेस की सुखविंदर कौर ने देहरादून सीट पर जीत हासिल की।
किस जिले में कौन बना नया जिला पंचायत अध्यक्ष
टिहरी इशिता सजवाण भाजपा
.यूएस नगर अजय मौर्य भाजपा
.चंपावत आनंद सिंह अधिकारी भाजपा
.पिथौरागढ़ जितेंद्र प्रसाद भाजपा
.उत्तरकाशी रमेश चौहान भाजपा
.चमोली दौलत सिंह बिष्ट भाजपा
.अल्मोड़ा हेमा गैड़ा भाजपा
.रुद्रप्रयाग पूनम कठैत भाजपा
.पौड़ी रचना बुटोला भाजपा
.बागेश्वर शोभा आर्या भाजपा
.देहरादून सुखविंदर कौर कांग्रेस
(नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के
2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है जीत : भट्ट
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली जीत 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक का संदेश है। उन्होंने 85 प्रतिशत ग्राम प्रधान और 70 प्रतिशत ब्लॉक प्रमुख के पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद के घोषित 11 परिणामों में से 10 में जीत दर्ज कर ली है। नैनीताल का परिणाम आना अभी बाकी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा के 50 ब्लाॅक प्रमुख जीते थे। इस बार हम 63 ब्लाॅक प्रमुख बनाने में सफल हो रहे हैं। पंचायत चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा की लहर थी। देवभूमि की जनता भाजपा के साथ खड़ी है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के 11 जिलों के परिणाम आएं हैं। इनमें से 10 जगह भाजपा की जीत हुई है।
उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने मेहनत और लगन के साथ पार्टी को जीत के मुकाम तक पहुंचाया। उन्होंने पार्टी की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार को भी दिया। उन्होंने कहा कि यह जीत सरकार के विकास कार्यों पर मुहर है। भट्ट ने कहा कि यह 2027 के विधानसभा चुनाव में हैट्रिक बनाने की ओर संदेश है। देहरादून में मिली हार पर भट्ट ने कहा कि पार्टी इस पर मंथन करेगी। सारे नतीजे आने के बाद समीक्षा की जाएगी। कहा कि हम तो जीत और हार दोनों में समीक्षा करते हैं। जहां हारे वहां जीत को आगे बढ़ाते हैं।
जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की खुली गुंडागर्दी: हरीश रावत
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा, नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की खुली गुंडागर्दी सामने आई है। कांग्रेस पार्टी के समर्थन में वोट डालने जा रहे जिला पंचायत सदस्यों को गुंडागर्दी के बल पर उठाया गया। हरीश रावत ने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा, नैनीताल हमारी शान है। यहां की जिला पंचायत का एक अभूतपूर्व व सम्मानजनक इतिहास रहा है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को भाजपा ने गुंडागर्दी के दम पर कब्जाने का प्रयास किया। पूर्व विधायक संजीव आर्य के साथ मारपीट की गई। साथ ही नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को धक्का दिया गया। पूरे उत्तराखंड को भाजपा के इस गुंडागर्दी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। राज्य निर्वाचन आयोग का दायित्व है कि वोट डालने से वंचित जिला पंचायत सदस्यों से वोट डलवाए जाएं।
चमोली में कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने दिया त्यागपत्र
पंचायत चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए चमोली में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा को त्याग पत्र भेजते हुए मुकेश नेगी ने कहा कि पंचायत चुनाव में कांग्रेस समर्थित सदस्यों के पर्याप्त संख्याबल के बावजूद जनपद चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख जीत दर्ज करने में असफल रहे। किसी भी पदाधिकारी एवं निर्वाचित सदस्यों पर कोई दोषारोपण न करते हुए मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं और नैतिकता के आधार पर चमोली जनपद के कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष के पद से त्यागपत्र देता हूं।
सीएम धामी ने नवनिर्वाचित सदस्यों को दी बधाई
सीएम धामी ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में भाजपा अधिकृत जिला पंचायत अध्यक्ष प्रत्याशियों दौलत सिंह बिष्ट जी (चमोली), रचना बुटोला जी (पौड़ी), हेमा गैड़ा जी (अल्मोड़ा), पूनम कठैत जी (रुद्रप्रयाग) और शोभा आर्य (बागेश्वर) की ऐतिहासिक विजय पर बधाई व शुभकामनाएं दी। भाजपा अधिकृत प्रत्याशियों ने 11 में से 10 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की है। यह उपलब्धि जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति एवं सतत जनसेवा के संकल्प का सशक्त प्रमाण है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों को उज्ज्वल कार्यकाल हेतु अनन्त शुभकामनाएं दी।
नैनीताल में डीएम दोबारा चुनाव कराने का प्रस्ताव भेजेंगी
नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर हुए बवाल के बाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। हाईकोर्ट में डीएम वंदना सिंह ने कहा कि वे चुनाव आयोग को दोबारा चुनाव कराए जाने का प्रस्ताव भेजेंगी।
सुखविंदर कौर बनीं देहरादून जिपं अध्यक्ष
देहरादून जिला पंचायत में कांग्रेस की बड़ी जीत हुई है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर सुखविंदर कौर और उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक सिंह विजयी हुए हैं। सुखविंदर कौर को 17 वोट मिले जबकि भाजपा की मधु चौहान को 13 वोट ही मिल पाए। इसके अलावा अभिषेक अभिषेक सिंह को 18 वोट मिले जबकि प्रतिद्वंदी प्रत्याशी को 12 वोट मिले।
