
देहरादून लौटते ही राज्य आपदा नियंत्रण केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री

अफसरों के साथ आपदा प्रबन्धन की रणनीति पर होगी चर्चा .
पीएम मोदी व गृह मंत्री शाह ने घटना पर दुख जताया, मदद का भरोसा
पहाड़ का सच देहरादून।
आंध्र प्रदेश दौरे को बीच में ही निरस्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून स्थित राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचे जहां वे बचाव व राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे और आपदा प्रबन्धन की रणनीति पर अफसरों के साथ विचार विमर्श करेंगे।
सरकारी प्रवक्ता के अनुसार आंध्र प्रदेश से लौटने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी उत्तरकाशी जनपद के धराली गांव में हुई प्राकृतिक आपदा के मद्देनज़र आज सीधे देहरादून स्थित राज्य आपदा कंट्रोल रूम पहुंचे। वे धराली क्षेत्र में चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे और शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपदा प्रबंधन की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
मुख्यमंत्री लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और सभी संबंधित एजेंसियों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत कार्य संचालित किये जा रहे हैं।
धराली गांव में बादल फटने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस आपदा में जन-धन की हानि पर संवेदना व्यक्त की है और प्रभावित परिवारों के प्रति सहानुभूति जताई है।
शाह ने मुख्यमंत्री धामी से फोन पर बात कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा राज्य सरकार को हर संभव केंद्रीय सहायता का आश्वासन दिया।
