
पहाड़ का सच/एजेंसी।
मुंबई। मुंबई के कुर्ला इलाके में पारिवारिक विवाद के दौरान एक पिता ने अपनी 4 साल की बच्ची की जान ले ली। बच्ची का नाम आफिया सिद्दीकी है। घटना की सूचना मिलने पर मुंबई की विनोबा भावे नगर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता परवेज सिद्दीकी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, परवेज के अपनी पत्नी सबा के साथ अक्सर झगड़े होते रहते थे। इन झगड़ों की जड़ मुख्य रूप से आर्थिक दबाव और परवरिश के तरीकों को लेकर उत्पन्न होती थी। शनिवार को भी झगड़ा इतना बढ़ गया कि स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। गुस्से में आकर परवेज ने पहले अपनी पत्नी सबा की पिटाई कर दी। इसी दौरान उसने अपनी चार साल की बच्ची आफिया सिद्दीकी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इससे बच्ची को गंभीर चोट आई।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों ने आफिया को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया। हालांकि, उसके इलाज के दौरान ही मौत हो गई।
