
नई दिल्ली। राजीव कुमार देश के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। राजीव 15 मई को पदभार ग्रहण करेंगे। मौजूदा मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा 14 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कुमार कई राज्यों के विधानसभाओं समेत 2024 का लोकसभा चुनाव अपनी निगरानी में संपन्न कराएंगे।
कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने ट्विटर हैंडल पर अधिसूचना और प्रेस नोट जारी करते हुए राजीव कुमार को बधाई दी। चंद्रा के सेवानिवृत्त होते ही आयोग में एक पद रिक्त हो जाएगा। 1960 में जन्मे कुमार चुनाव आयोग से फरवरी 2025 के मध्य में अपने पद से सेवानिवृत्त होंगे। राजीव अमरोहा जिले के हसनपुर के रहने वाले हैं।
बिहार/झारखंड कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी कुमार राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति के चुनाव भी कराएंगे। सीईसी की घोषणा से पहले कुमार सार्वजनिक उद्यम चयन बोर्ड (पीईएसबी) के चेयरपर्सन थे। अशोक लवासा के चुनाव आयुक्त के पद से इस्तीफे के बाद राजीव कुमार ने एक सितंबर 2020 को चुनाव आयोग में चुनाव आयुक्त का पदभार संभाला था। वह सिविल सेवा से फरवरी 2020 में सेवानिवृत्त हुए थे।
