
पहाड़ का सच/एजेंसी
जयपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री जनरल (रिटायर्ड) वी.के. सिंह ने सोमवार को कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का कुछ समय बाद खुद ही भारत में विलय हो जाएगा। राजस्थान के दौसा में सिंह ने पीओके के शिया मुसलमानों की भारत के लिए सड़कें खोलने की मांग के बारे में पूछे जाने पर जवाब दिया कि ‘कुछ समय इंतजार करें, पीओके का अपने आप भारत में विलय हो जाएगा।

वहीं जी-20 शिखर सम्मेलन की सफलता पर मंत्री वी.के सिंह ने कहा कि ‘जी-20 कार्यक्रम सफल रहा है। ऐसा संगठित आयोजन पहले कभी नहीं हुआ। देश के 60 शहरों में लगभग 200 बैठकें आयोजित की गईं.’ वीके सिंह ने दौसा में कहा कि इतने सफल आयोजन के लिए अन्य देशों ने भी भारत की सराहना की है। ‘सम्मेलन में जारी सामूहिक घोषणापत्र में भारत को बड़ी जीत हासिल हुई है. दुनिया यूक्रेन समेत कई मुद्दों पर बंटी हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बुद्धिमत्ता से हम सबने मिलकर एक ऐसा रास्ता निकाला है, जिस पर किसी भी देश को कोई आपत्ति नहीं थी। उन्होंने कहा कि बायोफ्यूल एलायंस और भारत से यूरोप तक कॉरिडोर बनने से भारत की आर्थिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। जी-20 के आयोजन से भारत के बढ़ते हुए स्वरूप को दुनिया ने देखा है और पांचवें से तीसरी अर्थव्यवस्था बनने जा रहे भारत ने अपना स्वरूप दिखाया है। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी जी-20 की संयुक्त घोषणा का स्वागत किया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री वीके सिंह ने दौसा में प्रेस वार्ता के इस दौरान कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। प्रियंका गांधी के टोंक में दिए गए एक बयान पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी में बचपना ज्यादा है और मैच्योरिटी कम है। देश के प्रति अच्छा भाव नहीं रखने वालों के लिए शब्द जनता खुद ढूंढ ले। उन्होंने राहुल गांधी पर भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि वो देश में टी-शर्ट और पैंट पहनते हैं और विदेश जाकर कुर्ता- पायजामा पहनते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी कभी जनेऊ पहनते हैं तो कभी मंदिर में जाकर घंटी बजाते हैं। उन्होंने कहा कि मीट खाकर मानसरोवर यात्रा के लिए जाने वाले लोगों को पता नहीं है कि धर्म क्या होता है।
