
डीएम ने पूर्ति निरीक्षक को तलब कर मौके पर बनवाया विधवा का राशन कार्ड
.राशन कार्ड बनने से अब विधवा महिला की पेंशन समस्या का भी हुआ समाधान
पहाड़ का सच देहरादून।
जिलाधिकारी के आदेश के बाद एक वृद्ध विधवा महिला का तत्काल राशन कार्ड बन गया। अन्यथा महिला लंबे समय से राशन कार्ड बनाने के लिए दर दर भटक रही थी। .सरकारी प्रवक्ता के अनुसार राशन कार्ड बनाने के लिए दर दर भटक रही विधवा महिला शकुंतला दत्त शर्मा, निवासी प्रभु कॉलोनी, चन्द्रबनी, देहरादून मंगलवार को डीएम कार्यालय पहुंची।
महिला ने अपनी सारी व्यथा डीएम को सुनाई। बताया कि पति का निधन हो चुका है। प्रार्थनी के बच्चे नहीं हैं। कई बार आवेदन करने के बाद भी उनका राशन कार्ड नहीं बन पाया है। जिस कारण उनकी वृद्धावस्था पेंशन भी नहीं लग रही है। महिला ने जिलाधिकारी सविन बंसल से राशन कार्ड और वृद्धावस्था पेंशन लगाने की गुहार लगाई।
महिला की व्यथा सुनने के बाद जिलाधिकारी ने तत्काल जिला पूर्ति अधिकारी से राशन कार्ड की सभी औपचारिकताएं पूरी करते हुए राशन कार्ड निर्गत करने के आदेश जारी किए।जिलाधिकारी द्वारा महिला को आश्वस्त करने पर विधवा महिला खुशी खुशी लौटी। कुछ देर बाद महिला को बताया गया कि उनका राशन कार्ड बना दिया गया है। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों पर राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत महिला का राशन का जारी कर दिया गया है। राशन कार्ड बनने से अब विधवा महिला की पेंशन संबंधी समस्या भी दूर हो गई है। बुजुर्ग एवं विधवा महिला शकुंतला दत्त शर्मा ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया है।
