पहाड़ का सच, रुद्रप्रयाग।
मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने आज प्राचीन देवल से अगस्त्यमुनि के खेल मैदान तक रोड शो किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सीएम धामी का फूलों से स्वागत किया। इसके बाद सीएम धामी ने नारी शक्ति वंदन महोत्सव के अंतर्गत आयोजित ‘ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग’ में प्रतिभाग किया। सीएम धामी रुद्रप्रयाग जिले को रू 467 करोड़ की विभिन्न विकास योजनाओं की सौगात भी दी।
शक्ति वंदन महोत्सव के अंतर्गत जनपद रुद्रप्रयाग में आयोजित ब्वै, ब्वारी, नौनी कौथिग के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न महिला समूहों के साथ विभिन्न क्रियाकलाप कर स्थानीय संस्कृति को जाना। श्री केदारनाथ धाम में एनआरएलएम के तहत काली माता स्वयं सहायता समूह एवं देवी धार स्वयं सहायता समूह के साथ महा प्रसाद बनाते हुए मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की यादें उनसे साझा की। हाथ से महाप्रसाद बनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बचपन में घर के कार्यों में खूब हाथ बटाया है। बचपन में वो त्योहारों के समय अपनी माता जी के साथ स्थानीय पकवान बनाने में खूब सहयोग करते थे। वहीं सिलबट्टे पर कई बार अपनी माता जी के साथ मिलकर नमक भी पीसा है। आटा गूँथने से लेकर जंगल में घास काटने तक में उन्होंने हमेशा हाथ बटाया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं से सरकार की महाप्रसाद योजना से जुड़ने के बाद आजीविका में हुए बदलाव की जानकारी भी ली।
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम को लेकर एक हफ्ते से ही तैयारियां चल रही थी। इस कार्यक्रम में करीब 20 हजार से ज्यादा लोग पहुंचे। वहीं, तमाम कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर धामी राजकीय पीजी काॅलेज अगस्त्यमुनि से दोपहर 3:35 बजे जीटीसी हैलीपैड़ देहरादून के लिए रवाना हुए। रुद्रप्रयाग दौरे से पहले सीएम धामी ने श्री राधा कृष्ण मंदिर (जाखन) देहरादून में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 109 वें संस्करण को सुना।