– आप ही मेरा परिवार, आपका सपना पूरा करना मेरा संकल्प
– 2024 में अपनी बंपर जीत का भी ऐलान
– 2014 मैं भी बुलंदशहर से ही फूंका था चुनावी बिगुल
पहाड़ का सच/एजेंसी
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव प्रचार का बिगुल फूंका, करीब 19 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद प्रधानमंत्री ने एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में भगवान राम स्थापित हो गए हैं। अब राम से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना है। उन्होंने एक बार फिर विकसित भारत का संकल्प दोहराया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप ही मेरा परिवार हैं और आपका सपना पूरा करना मेरा संकल्प, साथ ही इशारों ही इशारों में उन्होंने 2024 में अपनी बंपर जीत का भी ऐलान कर दिया।
अपने संबोधन की शुरुआत प्रधानमंत्री ने भारत माता की जय के साथ किया। उन्होंने कहा कि आपका यह प्यार और विश्वास जीवन में मिल रहा है इससे बड़ा सौभाग्य और क्या हो सकता है। आपके प्यार के लिए अभिभूत हूं. आज देख रहा था इतनी बड़ी तादाद में माता और बहनें यहां मौजूद हैं। यह टाइम माता-बहनों का सबसे व्यस्त समय होता है। यह रसोई का समय होता है और सब छोड़-छाड़ करके इतनी बड़ी तादाद में हमें आशीर्वाद देने आई है. सभी माता-बहनों को मेरा विशेष प्रणाम।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में 22 तारीख को प्रभु श्री राम के दर्शन हुए और आज यहां जनता जनार्दन के दर्शन का सौभाग्य मिला। पश्चिमी यूपी को विकास के लिए 19 हज़ार करोड़ से भी अधिक प्रोजेक्ट मिले हैं। ये प्रोजेक्ट्स रेल लाइन, हाइवे, पेट्रोलियम पाइपलाइन, पानी, सीवेज, मेडिकल कॉलेज और औद्योगिक शहर से जुड़े हुए हैं।
इस क्षेत्र ने देश को कल्याण जी जैसा सपूत दिया है, जिन्होंने रामकाज और राष्ट्रकाज दोनों के लिए अपना जीवन समर्पित किया। आज वो जहां हैं वो अयोध्या धाम को देखकर बहुत आनंदित हो रहे होंगे। ये हमारा सौभाग्य है कि देश ने कल्याण सिंह जी और उनके जैसे अनेक लोगों का सपना पूरा किया है। लेकिन अभी भी सशक्त भारत के निर्माण का, सच्चे सामाजिक न्याय का उनका सपना पूरा करने के लिए हमें अपनी गति और बढ़ानी है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “पहले लंबे समय तक यहां सरकार चलाने वालों ने शासकों की तरह बर्ताव किया। जनता को अभाव में रखने और समाज में बंटवारे का रास्ता उनके लिए सत्ता पाने का सबसे सरल माध्यम था। इसकी कीमत उत्तर प्रदेश की अनेक पीढ़ियों ने भुगती है. लेकिन साथ-साथ देश को भी इसका बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ” आज भारत का पहला नमो भारत प्रोजेक्ट पश्चिमी यूपी में ही शुरू हुआ है। यूपी के कई शहर मेट्रो सुविधा से जुड़ रहे हैं. सरकार के प्रयासों से आज पश्चिमी यूपी रोजगार देने वाले प्रमुख सेंटर में से एक बन रहा है। डबल इंजन सरकार का निरंतर प्रयास है कि गरीब और किसान का जीवन आसान हो। मैं योगी जी की सरकार को बधाई दूंगा कि उन्होंने नए पेराई सत्र के लिए गन्ने का मूल्य और बढ़ा दिया है.”
प्रधानमंत्री ने कहा, ” अयोध्या में मैंने रामलला के सानिध्य में कहा था कि प्राण प्रतिष्ठा का कार्य संपन्न हुआ, अब राष्ट्र प्रतिष्ठा को नई ऊंचाई देने का समय है। हमें देव से देश और राम से राष्ट्र के मार्ग को और प्रशस्त करना है। हमारा लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।