– मुख्यमंत्री ने वन मंत्री-विधायक को साथ बैठाकर दूर करवाये गिले शिकवे
– मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रकरण की जांच को बनेगी कमेटी, रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
– आज सुबह विधायक दुर्गेश्वर लाल के साथ उत्तरकाशी से सभी विधायकों से मिले पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट
पहाड़ का सच,देहरादून।
वन मंत्री सुबोध उनियाल व पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल के बीच हुए विवाद को सुलझाने का काम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इससे पहले पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के आवास पर विधायक दुर्गेश्वर लाल के अलावा उत्तरकाशी के दूसरे विधायक भी जुटे। अध्यक्ष ने नाराज विधायक को समझने की कोशिश की, किंतु बात नहीं बनी। सीएम से बात करने के बाद नाराज विधायक का गुस्सा शांत हुआ।
बुधवार को मुख्यमंत्री ने नाराज विधायक व वन मंत्री सुबोध उनियाल को साथ बैठाया । दोनों के बीच के मनमुटाव को खत्म कराया। जानकारी मिली है कि विवादित प्रकरण में एक जाँच कमेटी बनाई जा रही है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुरोला से भाजपा विधायक दुर्गेश्वर लाल ने टौंस और गोविंद वन्यजीव विहार के डीएफओ के अटैचमेंट को लेकर वन मंत्री सुबोध उनियाल के सरकारी आवास पर धरना दिया था।
उन्होंने मंत्री पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए हंगामा भी किया था। इस मामले में विधायक दुर्गेश्वर लाल ने कहा कि उनका विसभा क्षेत्र एक सीमांतवर्ती क्षेत्र है और यहां के डीएफओ के तानाशाही पूर्ण रवैये के कारण मंत्री से भेंट की थी। आज मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हमारी बैठक हुई और मैं यही कहना चाहता हूँ कि हमारे लिए जनता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि मेरी विधानसभा टूरिस्ट डेस्टिनेशन है और यहां के लोगों के हितों को देखते हुए मुख्यमंत्री ने एक कमेटी प्रकरण की जांच को बना दी है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।