पहाड़ का सच देहरादून
दीपावली के शुभ अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल गुरमीत सिंह, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, पूर्व सीएम हरीश रावत समेत तमाम मंत्रियों और नेताओं ने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव की बधाई दी है।
सीएम पुष्कर धामी ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘ऐश्वर्य की देवी मां महालक्ष्मी एवं विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश जी के पूजनोत्सव ‘दीपावली’ के पावन पर्व पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. ईश्वर से प्रार्थना है कि आप सभी का जीवन सुख, समृद्धि, समृद्धि से समृद्ध हो.‘
वहीं, सीएम पुष्कर धामी ने राजभवन जाकर राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात दीपावली की शुभकामनाएं दी। उधर, कृषि मंत्री और मसूरी विधायक गणेश जोशी दीपावली के अवसर पर मसूरी पहुंचे। जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ दीपावली मनाई. इस मौके उन्होंने कहा कि देश के 130 करोड़ देशवासियों का राम मंदिर का सपना पूरा होने जा रहा है। जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में बनने वाले राम मंदिर का लोकार्पण करेंगे, जो सभी देशवासियों के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार उत्तराखंड के विकास और आर्थिकी को मजबूत करने पर काम कर रहे हैं। उत्तराखंड में दिसंबर महीने में इन्वेस्टर समिट आयोजित होनी है, जिसको लेकर खुद मुख्यमंत्री देश विदेश का दौरा कर उद्योगपतियों को आमंत्रित कर रहे हैं। अभी तक सवा लाख करोड़ से ज्यादा के एमओयू साइन हो चुके हैं और उनका पूरा भरोसा है कि समिट आयोजित होने तक जो उनका लक्ष्य ढाई लाख करोड़ को पूरा करने में कामयाब होंगे।