पहाड़ का सच, पिथौरागढ़
लाखों रुपए का गबन कर फरार चल रही पाताल भुवनेश्वर की महिला पोस्ट मास्टर को पिथौरागढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी पिथौरागढ़ लोकेश्वर सिंह ने बताया कि ग्राम पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट के ग्रामीणों ने थाना गंगोलीहाट में महिला पोस्टमास्टर के खिलाफ उनका पैसा हड़पने के बारे में तहरीर दी थी ।
तहरीर में कहा गया था कि पोस्ट ऑफिस पाताल भुवनेश्वर में पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत महिला गायत्री देवी दशौनी निवासी ग्राम पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट ने ग्रामीणों के आरडी और फिक्स्ड डिपॉजिट के अलावा विभिन्न खातों से लगभग 32 लाख रुपए से अधिक की धनराशि अपने निजी प्रयोग में लगा दी है। उनका कहना था कि जब गंगोलीहाट को लेकर मुख्य ब्रान्च में ऑनलाईन देखा तो आधा पैसा भी ऑनलाईन नहीं चढ़ा है।
ग्रामीणों का आरोप था कि अब महिला पोस्टमास्टर ना तो पैसा लौटा रही है और ना ही पोस्ट ऑफिस आ रही है। तहरीर के आधार पर थाना गंगोलीहाट में धारा 409 IPC के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।थानाध्यक्ष गंगोलीहाट के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा फरार चल रही महिला पोस्ट मास्टर गायत्री देवी को कुमौड़ से गिरफ्तार किया गया है.। महिला को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने महिला को जेल भेजने के आदेश दिए हैं।