
पहाड़ का सच, कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल जिले में कोटद्वार के सनेह इलाके में सोमवार 23 नवंबर को गुलदार ने एक महिला पर हमला किया, जिससे महिला की मौत हो गई। महिला की शिनाख्त कविता कोठियाल के रूप में हुई है।
इस घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मिली जानकारी के अनुसार कविता कोठियाल घास लेने के लिए घर के पास ही जंगल में गई थीं। इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने कविता कोठियाल पर अचानक से हमला कर दिया। गुलदार के इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
महिला की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे गुलदार के आतंक पर नाराजगी जताते हुए वन विभाग से गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने की मांग की। सूचना पर मौके पर पहुंचीं विधानसभा अध्यक्ष व कोटद्वार विधायक ऋतु खंडूड़ी ने ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों की मांग को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने वन विभाग के अधिकारियों से गुलदार को आदमखोर घोषित कर उसे मारने के आदेश जारी करवाए। काफी देर तक चले विरोध और अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद आदेश जारी होने पर ग्रामीणों ने सड़क से शव उठाने दिया।
इस घटना के बाद अब कांग्रेस, बीजेपी के बीच राजनैतिक माहौल भी गरमा गया है। कांग्रेस पार्टी बीजेपी पर आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगा रही है।


