
पहाड़ का सच रामनगर। कॉर्बेट नेशनल पार्क के लगे तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो वन गुज्जर खत्ते में 22 वर्षीय एक युवक पर बाघ ने हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के दो घंटे बाद युवक का शव बरामद किया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा (22 वर्ष), निवासी फाटो वन गुज्जर खत्ता, ढेला में अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान फाटो गुज्जर खत्ते में कॉर्बेट की एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया। बाघ युवक को घसीटकर जंगल के अंदर ले गया। .परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। करीब दो घंटे के बाद जंगल के भीतर दिलशाद का शव बरामद किया गया।
फाटो रेंज अधिकारी ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 की है। जहां एक वन गुज्जर परिवार जंगल में अपने मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान बाघ ने युवक पर हमला कर दिया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित आवश्यक कार्यवाही शुरू की गई। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।


