
पहाड़ का सच /एजेंसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली है। मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए और उनके अंतिम दर्शन के लिए उत्तराखंड रवाना हो गए। पीएम नरेंद्र मोदी व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने योगी की मां के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सावित्री देवी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनकी उम्र 91 वर्ष थी। बताया जाता है कि वह काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी मां से मिलने का समय निकालते रहे थे। इसी वर्ष मई में उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे के दौरान वह अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। 8 मई को उन्होंने घर पर मां से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। यह मुलाकात अब उनकी आखिरी मुलाकात बन गई। इससे पहले वर्ष 2024 में भी मुख्यमंत्री अपनी मां का हाल जानने के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचे थे।
मिली जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। फिर वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पौड़ी के यमकेश्वर के महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी के हेलीपैड पहुंचे। इसके बाद वे वाहन से अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे।
सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को ऋषिकेश के संपूर्णानंद घाट पर किए जाने की जानकारी सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां के अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। पैतृक गांव पंचूर में उनके निधन के बाद से ही परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों का पहुंचना जारी है।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कर उनकी मां के निधन पर शोक जताया। पीएम मोदी ने दुख की इस घड़ी में योगी और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
सीएम योगी आदित्यनाथ की माता का निधन, सीएम धामी ने जताया शोक
देहरादून। सीएम धामी ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।शोक संदेश में उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
शोक संदेश में कहा गया कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होते हैं। मां का संसार से विदा होना परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।


