
– लोहाघाट में कांग्रेस की चुनावी तैयारी नहीं, दावेदारों की दंगलबाजी दिखी
पहाड़ का सच देहरादून। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल ने लोहाघाट में कांग्रेस की जनसभा को लेकर पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का बदलाव का नारा महज चुनावी ढकोसला और राजनीतिक नौटंकी बनकर रह गया है। जिस पार्टी के नेता 2027 में सत्ता परिवर्तन का सपना देख रहे हैं, उसके अपने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ही महत्वपूर्ण जनसभा से नदारद रहे। कांग्रेस जनता को बदलाव का सपना दिखा रही है, लेकिन अपने संगठन को एकजुट रखने में ही पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
उन्होंने कहा कि लोहाघाट की जनसभा ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह और टिकट की लड़ाई को सरेआम उजागर कर दिया। विधानसभा क्षेत्र में टिकट के तीन दावेदारों के बीच चल रही खींचतान आज खुलकर सामने आ गई। विधायक खुशाल सिंह अधिकारी द्वारा जिलाध्यक्ष एवं विधानसभा के दावेदार मुन्ना ढेक को मंच पर जगह नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी सामने आई। कार्यक्रम के बाद विधायक के खिलाफ नारेबाजी हुई और मुन्ना ढेक तथा विधायक के बीच भी तीखी गहमागहमी देखने को मिली। हालात ऐसे बने कि प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा को भी नाराजगी जाहिर करनी पड़ी। चुफाल ने कहा कि जिस जनसभा को भाजपा सरकार के खिलाफ शक्ति प्रदर्शन के रूप में पेश किया जा रहा था, वह कांग्रेस की आपसी खींचतान और टिकट के लिए चल रही जंग का तमाशा बनकर रह गई।
चुफाल ने कहा कि कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि प्रदेश अध्यक्ष जनसभा से गायब हैं, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अपनी अलग राजनीतिक गतिविधियों और सियासी एजेंडे में व्यस्त हैं और विधायक हरीश धामी अपने विवादित आचरण से पार्टी की फजीहत करा रहे हैं। लोहाघाट में टिकट के दावेदार एक-दूसरे को मंच पर जगह देने तक को तैयार नहीं हैं। संगठन से बेपरवाह सभी वजूद बचाने में लगे है। कांग्रेस में जो पार्टी अपना घर नहीं संभाल पा रही, वह उत्तराखंड क्या संभालेगी?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता मंचों से भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के आरोप लगाते हैं, लेकिन उन्हें अपनी पार्टी में चल रही उठापटक दिखाई नहीं देती। प्रदेश अध्यक्ष की गैरमौजूदगी, पूर्व मुख्यमंत्री की अलग राजनीतिक गतिविधियां और स्थानीय नेताओं की आपसी लड़ाई कांग्रेस की तथाकथित एकजुटता की पोल खोलने के लिए काफी है। कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि पार्टी की कमान आखिर किसके हाथ में है? क्या प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी केवल नाम और पद तक सीमित रह गई है?
चुफाल ने धारचूला विधायक हरीश धामी के जौलजीबी मेले में हुए घटनाक्रम पर भी तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक ने एक ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय महत्व के मेले को अपनी राजनीतिक हठधर्मिता का अखाड़ा बना दिया। माइक को लेकर विवाद हुआ तो मंच पर हंगामा और सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता के आरोप सामने आए। माइक और कुर्सियां फेंकने जैसे घटनाक्रम ने जनप्रतिनिधि पद की गरिमा को तार-तार किया।
जनप्रतिनिधि का काम जनता की आवाज उठाना है, न कि अपनी जिद और अहंकार के लिए सार्वजनिक आयोजन की मर्यादा को ताक पर रख देना। यह लोकतांत्रिक विरोध नहीं, बल्कि राजनीतिक दबंगई का प्रदर्शन है।
उन्होंने कहा कि जौलजीबी प्रकरण में हरीश धामी समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बावजूद कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को बताना चाहिए कि क्या कांग्रेस ऐसे आचरण का समर्थन करती है? क्या पार्टी में अनुशासन नाम की कोई चीज बची है? दूसरों को लोकतंत्र का उपदेश देने वाले कांग्रेस नेता अपने ही विधायक के आचरण पर जवाब देने से क्यों बच रहे हैं?


