
– कहा, उत्तराखण्ड के लोग आपदाओं के प्रति जागरूक और सतर्क
पहाड़ का सच देहरादून। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि उत्तराखण्ड के लोग आपदाओं के प्रति बहुत पहले से ही जागरूक, संवेदनशील और सतर्क हैं। यही जागरूकता और सामुदायिक क्षमता राज्य को विभिन्न प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का प्रभावी ढंग से सामना करने वाले राज्यों में अग्रणी बनाती है।
उन्होंने कहा कि राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन को केवल सरकारी तंत्र तक सीमित न रखकर समुदाय को इसका सक्रिय भागीदार बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों को तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में समुदायों की सहभागिता एवं सशक्तीकरण पर विशेष जोर देते हुए निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर पर लोगों को आपदा के दौरान किए जाने वाले उपायों, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, खोज एवं बचाव तथा आपातकालीन संचार के संबंध में लगातार प्रशिक्षित एवं जागरूक किया जाए। .उन्होंने कहा कि आपदा के समय पहला और सबसे प्रभावी प्रतिक्रियादाता स्थानीय समुदाय ही होता है, इसलिए समुदाय की क्षमता को मजबूत करना राज्य की आपदा प्रबंधन रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा होना चाहिए।
मा0 राज्यपाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने में स्थानीय समुदायों के पारंपरिक ज्ञान और वर्षों से अर्जित अनुभव का भी महत्वपूर्ण योगदान है। उत्तराखण्ड के पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों ने अपने अनुभव के आधार पर मौसम, जलस्रोतों, नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा प्राकृतिक परिवर्तनों को समझने की अपनी विशिष्ट क्षमता विकसित की है।
उन्होंने निर्देश दिए कि इस पारंपरिक एवं स्थानीय ज्ञान का वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समन्वय करते हुए आपदा प्रबंधन की योजनाओं में उपयोग किया जाए। उन्होंने एनजीओ के साथ ही कृषक समूहों को आपदा प्रबंधन से जोड़ने के निर्देश दिए। मा0 राज्यपाल ने कहा कि उत्तराखण्ड को आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में दुनिया के अन्य आपदा-प्रवण देशों द्वारा किए जा रहे नवाचारों और सफल प्रयासों का अध्ययन कर उनसे सीखना चाहिए।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने जो भी दिशा-निर्देश दिए हैं, उन पर जल्द अमल किया जाएगा तथा उनका अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। सुमन ने बताया कि राज्यपाल से भेंट के दौरान उन्होंने राज्य में आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों, आपदा पूर्व तैयारियों, राहत एवं बचाव व्यवस्था, अर्ली वार्निंग सिस्टम, आधुनिक तकनीक के उपयोग तथा विभिन्न एजेंसियों के मध्य समन्वय के संबंध में राज्यपाल को विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान कमाण्डेंट राज्य आपदा प्रतिवादन बल जौलीग्रांट देहरादून अर्पण यदुवंशी एवं 15वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल गदरपुर ऊधमसिंह नगर के कमाण्डेंट संतोष कुमार भी उपस्थित रहे।


