
प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने किया स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण
पहाड़ का सच देहरादून। धनतेरस एवं दीपावली पर्व के दृष्टिगत प्रदेश में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता एवं पूर्ण तत्परता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार शाम एमडी ने यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) का निरीक्षण कर पूरे प्रदेश में लोड एवं विद्युत आपूर्ति का जायजा लिया। साथ ही निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने प्रदेश में में विद्युत की मांग एवं उपलब्धता की स्थिति, ग्रिड संचालन तथा प्रदेश में विद्युत आपूर्ति की निरंतर निगरानी की व्यवस्था का जायजा लिया। .उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान विद्युत की मांग में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए मांग एवं उपलब्धता के बीच समुचित समन्वय बनाए रखा जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर प्रदेश की विद्युत व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां से राज्य में विद्युत मांग एवं उपलब्धता पर निरंतर निगरानी रखते हुए विद्युत आपूर्ति एवं ग्रिड संचालन का समन्वय किया जाता है। विशेषकर त्योहारी सीजन में इसकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है, ताकि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।
ध्यानी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने निर्धारित दायित्वों का पूर्ण जिम्मेदारी से निर्वहन करें तथा ड्यूटी रोस्टर के अनुसार चौबीसों घंटे सतर्क रहें। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत अथवा व्यवधान पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आमजन को त्योहार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत दिनांक 06, 07, 08 एवं 09 नवम्बर की रात्रि में सभी संबंधित फील्ड अधिकारियों की ड्यूटी विद्युत उपसंस्थानों पर लगाई गई है। साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को विभिन्न शहरों में भ्रमण कर विद्युत व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करने तथा विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार धनतेरस के दिन ध्यानी सहित नामित अफसरों द्वारा देहरादून शहर के विभिन्न UPCL एवं PTCUL बिजलीघरों यथा टर्नर रोड, निरंजनपुर, परेड ग्राउंड, बिंदाल, वसंत विहार, आराघर आदि का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्था एवं आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया।
इसके अतिरिक्त अधिशासी निदेशक (तकनीकी) एवं समस्त मुख्य अभियंताओं द्वारा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि दीपावली पर्व के दौरान किसी भी उपभोक्ता को विद्युत आपूर्ति संबंधी असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही श्री वी.एस. राणा, अधीक्षण अभियंता को स्काडा कंट्रोल रूम (SCADA Control Room), श्रीमती शिखा अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता को 24×7 उपभोक्ता कॉल सेंटर तथा श्री अरुण कांत, अधीक्षण अभियंता को स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (SLDC) में निगरानी एवं समन्वय का दायित्व सौंपा गया है। उक्त अधिकारी विद्युत आपूर्ति की स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए किसी भी व्यवधान अथवा उपभोक्ता शिकायत की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
ध्यानी ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर प्रदेश के प्रत्येक उपभोक्ता को सुचारू, सुरक्षित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यूपीसीएल प्रदेशवासियों को दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए निर्बाध एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर राहुल जैन, मुख्य अभियंता वाणिज्य, गौरव शर्मा, मुख्य अभियंता (तकनीकी), सुधीर कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता (सम्बद्ध), प्रवेश कुमार, अधिशासी अभियंता वाणिज्य सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।


