
कार्मिकों को उन्हें देय लाभ समय से मिलने ही चाहिए, कार्मिक निगम की रीढ़ की हड्डी हैं: एमडी ध्यानी
पहाड़ का सच देहरादून। यूपीसीएल व पिटकुल प्रबंधन ने अपने कार्मिकों को दीपावली के बीच महंगाई भत्ते में वृद्धि का लाभ प्रदान करने का आदेश जारी किया गया है। इसके तहत निगम में कार्यरत समस्त पूर्णकालिक नियमित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 1 जुलाई, 2026 से मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता अनुमन्य किया गया है। इस बारे में निगम के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के कहा कि कार्मिकों को उनके देय लाभ समय से मिलने ही चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्मिक निगम की रीढ़ की हड्डी हैं।
इस संबंध में उत्तराखण्ड शासन द्वारा जारी शासनादेश के अनुपालन में निगम स्तर पर कार्यालय ज्ञाप जारी किया गया है। बढ़े हुए महंगाई भत्ते के साथ ही जुलाई 2026 से अक्टूबर 2026 तक की अवधि के एरियर का भुगतान नवंबर 2026 माह के वेतन के साथ नकद रूप में किया जाएगा। वहीं, 01 नवंबर, 2026 से बढ़े हुए महंगाई भत्ते का भुगतान नियमित मासिक वेतन के साथ किया जाएगा।
महंगाई भत्ते में इस वृद्धि से निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी तथा दीपावली के पर्व की खुशियां और भी बढ़ेंगी। निगम प्रबंधन द्वारा शासन के निर्देशों के अनुरूप यह निर्णय कार्मिकों के हितों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
पिटकुल के समस्त नियमित कार्मिकों एवं पेंशनरों हेतु मंहगाई भत्ते में 60 प्रतिशत से बढ़ाकर 63 प्रतिशत किये जाने के आदेश निर्गत किये गये हैं, जिसका पिटकुल के समस्त नियमित कार्मिकों को लाभ होगा।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक ध्यानी ने पिटकुल के समस्त कार्मिकों को दीपावली की शुभकामनायें प्रेषित की गयी तथा कार्मिकों को उत्साह एवं लगन से कार्य किये जाने हेतु प्रेरित किया है जिससे भविष्य में कारपोरेशन नित-नित नवीन उपलब्धियां अर्जित करे तथा देश की अग्रणी पारेषण कम्पनियों में शामिल हो सके। इसके साथ ही प्रबंध निदेशक महोदय द्वारा दीपावली पर्व पर 24×7 निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित किये जाने के निर्देश प्रदान किये।
प्रबन्ध निदेशक द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद प्रेषित किया है जिनके नेतृत्व में पिटकुल ही नही अपितु उत्तराखण्ड प्रदेश निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। उन्होंने प्रदेश के मुख्य सचिव एवं अध्यक्ष पिटकुल आनन्द बर्द्धन एवं प्रमुख सचिव (ऊर्जा) डाॅ0 आर0 मीनाक्षी सुन्दरम को धन्यवाद प्रेषित किया जिनके मार्गदर्शन में पिटकुल नयी ऊर्जा एवं जोश-खरोश के साथ कार्य कर रहा है साथ ही नित नये आयाम स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर पिटकुल के कार्मिकों में हर्ष एवं उत्साह की लहर है तथा उनके द्वारा प्रबन्ध निदेशक को धन्यवाद ज्ञापित कर उनके प्रति आभार प्रकट किया गया।


