
पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने चमोली जनपद में बदरीनाथ धाम से लौट रहे हेलीकॉप्टर के जोशीमठ के निकट हाथी पहाड़ के पीछे चाय गांव क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने तथा हेलीकॉप्टर में सवार पायलट सहित सभी छह लोगों की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
गोदियाल ने कहा कि यह अत्यंत हृदयविदारक एवं दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति वे अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं तथा शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना प्रकट करते हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा उनके परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
गोदियाल ने राज्य सरकार से मांग की कि दुर्घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाए। साथ ही मृतकों के परिजनों को तत्काल उचित आर्थिक सहायता एवं अन्य आवश्यक राहत उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाओं का संचालन यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किया जाना चाहिए। हेलीकॉप्टरों की तकनीकी स्थिति, पायलटों की उपलब्धता, मौसम संबंधी परिस्थितियों और उड़ान संचालन के सुरक्षा मानकों की नियमित एवं प्रभावी समीक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


