
देहरादून। तीन माह के लंबित वेतन के भुगतान समेत विभिन्न मांगों को लेकर उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने आज से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार और बसों का चक्का जाम करने का ऐलान किया है।
गुरुवार को उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय में प्रबंध निदेशक रीना जोशी की अध्यक्षता में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक वार्ता चली, लेकिन आखिर में यह वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल पर जाने का मन बन लिया। 30 अक्टूबर यानि आज उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी।
वहीं उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के महामंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि वार्ता के दौरान कर्मचारियों के लंबित वेतन, महंगाई भत्ता (डीए), दीपावली बोनस और बस बेड़े का विस्तार करने समेत कई मांगें उठाई गईं। इसके अलावा डग्गामारी पर रोक लगाने और अवैध रूप से संचालित निजी बसों के परमिट पर कार्रवाई की मांग भी रखी गई, लेकिन प्रबंधन की ओर से मांगों पर सहमति नहीं बनने के बाद यूनियन ने आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया।
उन्होंने कहा कि जब तक प्रमुख मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक प्रस्तावित अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। वही ऐसे में अब यात्रियों की नजर परिवहन निगम प्रबंधन और कर्मचारी यूनियन के बीच आगे होने वाली बातचीत पर टिकी है।


