
– बद्रीनाथ से पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल, देहरादून से प्रीतम सिंह व अल्मोड़ा नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की अगुवाई में निकली यात्रा
– 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव के दौरान गैरसैण में मिलेंगे सभी
पहाड़ का सच देहरादून/बदरीनाथ/अल्मोड़ा। प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों एवं भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को बदरीनाथ, अल्मोड़ा व देहरादून से ‘उत्तराखंड न्याय यात्रा’ की शुरुआत की है।

उत्तराखंड न्याय यात्रा की शुरूआत चमोली के बदरीनाथ, देहरादून के टपकेश्वर मंदिर और अल्मोड़ा गोल्ज्यू चितई मंदिर से हुई है। इन तीनों जगहों पर कांग्रेस ने दिग्गज नेताओं की मौजूदगी रही।बदरीनाथ से गणेश गोदियाल का नेतृत्व में कांग्रेस न्याय यात्रा के शुभारंभ के मौके पर बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला, प्रताप नगर विधायक विक्रम सिंह, प्रदेश अध्यक्ष महिला कांग्रेस ज्योति रौतेला के साथ ही अन्य कई कांग्रेसी मौजूद थे।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा भाजपा राज में उत्तराखंड में भ्रष्टाचार, दुराचार और अन्याय चरम पर है। अब भगवान बदरी विशाल के दरबार से उठी न्याय की यह आवाज पूरे गढ़वाल, कुमाऊं और तराई तक गूंजेगी। जनता के अधिकारों, न्याय और उत्तराखंड की अस्मिता की इस लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाकर इस जनविरोधी एवं संस्कृति विरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से उखाड़ फेकेंगे।

देहरादून में प्रीतम सिंह ने संभाला मोर्चा: टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना के साथ न्याय यात्रा की शुरु हुई। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से यात्रा शुरू की गई। इसके साथ ही राजपुर रोड और मसूरी विधानसभा में न्याय यात्रा निकाली जा रही है। इस यात्रा का उद्देश्य राज्य की जनता के बीच पहुंचकर उनके सवालों अपेक्षाओं और समस्याओं को सुनना है।
देहरादून से यात्रा की शुरुआत करते ही कांग्रेस पार्टी ने इस अभियान को प्रदेश व्यापी स्वरूप देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। कांग्रेस इस यात्रा के जरिए प्रदेश की भाजपा सरकार को कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, पेपर लीक और अधूरे विकास कार्यों के मुद्दे पर घेरने की तैयारी में है। यात्रा को अलग-अलग हिस्सों में संचालित किया जाएगा जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नेतृत्व करेंगे।
अल्मोड़ा के गोल्ज्यू देवता चितई मंदिर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के नेतृत्व में न्याय यात्रा की शुरुआत हुई। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार, महंगाई, महिला अपराध और प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों से जुड़े मुद्दों को लेकर गोल्ज्यू मंदिर में न्याय की गुहार लगाई।
आर्य ने कहा कि न्याय यात्रा के माध्यम से प्रदेश की जनता की समस्याओं को सामने लाया जाएगा. सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरा जाएगा। उन्होंने कहा प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के दलदल में डूबी हुई है। उत्तराखंड में जल, जंगल और जमीन से जुड़े मामलों के साथ महंगाई और महिला अपराध जैसे मुद्दों पर भी सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी है।


