
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर गढ़वाल के धारी गांव में मां की डांट से नाराज होकर एक 13 वर्षीय किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद से मृतका के परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है वहीं पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पौड़ी जिले के श्रीनगर गढ़वाल के धारी गांव की रहने वाली एक 13 वर्षीय किशोरी जूनियर हाई स्कूल में आठवीं कक्षा की छात्रा थी। छात्रा को बीते सोमवार की सुबह किसी बात पर उसकी मां ने डांटा था। मां की डांट सुनने के बाद छात्र इतनी नाराज हो गई की वह सीधा अपने कमरे में चली गई।
नाराज छात्रा ने कमरे को अंदर से बंदकर दिया, तभी जैसे ही घरवालों ने उसे खाना खाने के लिए बुलाया तो उसने अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद चिंतित परिजनों ने छात्रा के कमरे का दरवाजा तोड़ा तो उनके होश उड़ गए। क्योंकि किशोरी अंदर पंखे पर फंदा बनाकर लटकी हुई थी। घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बताया जा रहा है मृतका का एक छोटा भाई भी है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है वहीं मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।


