
देहरादून। RSS, मानक सिद्ध नगर, देहरादून महानगर (दक्षिण) में विजयदशमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया।
इस अवसर पर गणेशपुर मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में स्वयं सेवक सम्मिलित हुए। सर्वप्रथम ध्वज फहराया गया, और उसके बाद परंपरागत रूप से शस्त्रों का पूजन किया गया। आज मुख्य वक्ता के रूप में चंद्रशेखर जोशी ने संघ के 100 वर्षों के इतिहास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि आज से 100 साल पहले विजयदशमी के दिन ही संघ की स्थापना हुई थी।

उन्होंने बताया कि RSS पिछले 100 वर्षों से कैसे भारत को उसकी अपनी पहचान, संस्कृति और परंपराओं के आधार पर संगठित और मजबूत बनाने का काम कर रहा है। संघ का कार्य व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण” और सांस्कृतिक एवं सामाजिक रूप से समाज को संगठित करना है।
उन्होंने बताया कि पंच परिवर्तन कार्यक्रम को सुचारू रूप से लागू कर समाज में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। स्व के बोध से नागरिक अपने कर्तव्यों के प्रति सजग होंगे। नागरिक कर्तव्य बोध अर्थात कानून की पालना से राष्ट्र समृद्ध व उन्नत होगा। सामाजिक समरसता व सद्भाव से ऊंच-नीच जाति भेद समाप्त होंगे। पर्यावरण से सृष्टि का संरक्षण होगा तथा कुटुम्ब प्रबोधन से परिवार बचेंगे और बच्चों में संस्कार बढ़ेंगे। समाज में बढ़ते एकल परिवार के चलन को रोक कर भारत की प्राचीन परिवार परंपरा को बढ़ावा देने की आज महती आवश्यकता है।


