हल्द्वानी। गर्दन के दर्द से राहत पाने की उम्मीद में एक हकीम के पास पहुंची हकीम ने महिला के गर्दन में जोर से झटका दे दिया जिससे महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने हकीम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि मालिश करने के बाद हकीम ने महिला की गर्दन को जोर से हिला दिया, जिसके तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही सांसें थम गईं। परिजन उसे आनन-फानन में बेस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मूल रूप से पिथौरागढ़ निवासी रामचंद्र वर्तमान में दमुवाढूंगा क्षेत्र में रहते हैं और एक निजी संस्थान में नौकरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मीनाक्षी (30) की गर्दन में पिछले चार-पांच महीने से दर्द था। उसका सुशीला तिवारी अस्पताल से नियमित उपचार चल रहा था। मालिश के बाद दिया जोर का झटका शनिवार को स्थानीय लोगों के कहने पर रामचंद्र अपनी पत्नी को कालाढूंगी रोड स्थित एक हकीम के पास इलाज के लिए लेकर पहुंचे। रामचंद्र के अनुसार, हकीम ने पहले मीनाक्षी की गर्दन की मालिश की और फिर अचानक गर्दन को जोर से हिला दिया। इसके तुरंत बाद मीनाक्षी की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी।
मीनाक्षी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चे छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हकीम के खिलाफ, आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

