– कहीं राहुल गांधी का पुतला फूंका गया,कहीं भाजपाइयों के खिलाफ मुकदमे की मांग ने जोर पकड़ा

– कांग्रेस ने थाना चौकियों में तहरीर देकर कार्रवाई न होने पर आन्दोलन की चेतावनी दी
– मंगलवार एक सितंबर को देहरादून में कांग्रेस का प्रदर्शन
पहाड़ का सच देहरादून/हल्द्वानी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी सभा के बाद मंच शुद्धिकरण का विवाद बढ़ता जा रहा है। सोमवार को कांग्रेस से भाजपा अध्यक्ष सहित हल्द्वानी में हवन करने वाले युवकों के खिलाफ हम मुकदमे दर्ज करने की मांग को लेकर पुलिस को तहरीर दी तो विरोध में भाजपा ने राहुल गांधी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज किया।

उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को देहरादून कोतवाली पहुंचकर हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद किए गए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ के विरोध में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में खड़गे की जनसभा के दो दिन बाद कुछ लोगों द्वारा यज्ञ एवं गंगाजल का छिड़काव कर मैदान को ‘शुद्ध’ करने का प्रयास किया गया। यह कृत्य जातिगत भेदभाव और सामाजिक अपमान की मानसिकता को प्रदर्शित करता है तथा संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है।

कांग्रेस ने मांग कि इस मामले में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 सहित अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट कहा कि 21वीं सदी के भारत में किसी व्यक्ति के जातीय आधार पर किसी सार्वजनिक स्थान को ‘अपवित्र’ बताकर उसका ‘शुद्धिकरण’ करना न केवल शर्मनाक है, बल्कि संविधान और सामाजिक समानता का भी अपमान है।

अध्यक्ष गोदियाल ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति के सम्मान की नहीं, बल्कि संविधान, सामाजिक न्याय और प्रत्येक नागरिक की गरिमा की लड़ाई है। जाति के नाम पर भेदभाव और अपमान करने वालों को किसी भी कीमत पर राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए।कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र मुकदमा दर्ज कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर अध्यक्ष के अलावा उपाध्यक्ष गोदावरी थापली, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, महामंत्री राजेंद्र शाह व प्रवक्ता गरिमा दसोनी आदि मौजूद थे।

हल्द्वानी में कांग्रेस पार्टी के राष मल्लिकार्जुन खड़के जी की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के ‘शुद्धिकरण’ के शर्मनाक प्रकरण के दोषियों के खिलाफ सख्त करवाई करने के लिए कांग्रेस नेता सुरेंद्र रागड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाईपास चौकी पहुंचकर तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण तिवारी जी,अरविंद शर्मा जी,पूरण सिंह पाल जी , मोनू , गौरव कश्यप,वीरू भाई ,मुकेश भाई ओर युवा साथी मौजूद रहे।

भाजपा एससी मोर्चा ने राहुल का पुतला दहन किया
राहुल ने झूठे जातिवादी आरोप से देवभूमि को बदनाम करने का पाप किया: घुनियाल
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने राहुल गांधी के झूठे जातिवादी बयानों के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रदेश भर में उनका पुतला दहन किया है। मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस, देश दुनिया में देवभूमि को बदनाम कर उसकी छवि खराब करने का पाप कर रहे हैं।

इसी क्रम में सोमवार को मोर्चे कार्यकर्ताओं द्वारा राज्य के सभी जिलों में यह विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया। घुनियाल ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा देवभूमि उत्तराखंड के नागरिकों एवं भाजपा पर भ्रामक और झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं तथा उत्तराखंडवासियों को जातिवादी बताकर देश-दुनिया में बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे सैनिक बहुल उत्तराखंड की गरिमा को ठेस पहुंच रही है। यह वह राज्य है, जिसके वीर जवान देश की आन, बान और शान के लिए सदैव समर्पित रहे हैं तथा अनेक वीरों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के कथित षड्यंत्रपूर्ण एवं असत्य बयानों का मुंहतोड़ जवाब देने तथा उत्तराखंड की अस्मिता और गरिमा की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किया गया है। जिसमें आरोप लगाया गया कि कांग्रेस को राजनीतिक लाभ के लिए उत्तराखंड की सामाजिक संरचना और प्रदेशवासियों की भावनाओं को लेकर भ्रामक प्रचार करने से बचना चाहिए। जबकि श्रीराम सेना धर्मार्थ न्यास की ओर से भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कार्यक्रम के पीछे किसी भी प्रकार की दलित विरोधी भावना नहीं थी।
संस्था के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली में लगाए गए कथित इस्लामिक नारों तथा कथित हिंदू विरोधी तत्वों की मौजूदगी के विरोध में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए धार्मिक एवं सामाजिक घटनाओं को भी राजनीतिक विवाद का रूप देने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस से ऐसी राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश में भाईचारे, शांति, एकता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में कार्य करने की अपील की।

