
चुनावी साल में दायित्वधारी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बनाएंगे
जनसमस्याओं के समाधान में निभाएं सक्रिय भूमिका ताकि आमजन तक पहुंचे सही संदेश
सीएम धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दायित्वधारियों के साथ किया संवाद
देहरादून। भाजपा सरकार चुनावी साल को देखते हुए निगमों,परिषदों में नियुक्त दायित्वधारियों को एक एक संगठनात्मक मंडल की जिम्मेदारी सौंपने जा रही है। रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दायित्वधारियों से संवाद किया।

धामी सरकार के दायित्वधारियों को सरकार की नीतियों को मतदाताओं तक पहुंचाने की गणित समझाई गयी। उन्हें बताया गया कि सोशल मीडिया को प्रमुख हथियार बनाकर विपक्ष का मुकाबला किया जाय। पार्टी स्तर पर जारी सर्वे से उत्साहित रणनीतिकार अपने कुछ मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ जनता के आक्रोश को लेकर विशेष चिंतित नजर आ रहे हैं। हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई मंत्रियों और विधायकों के खिलाफ जनता की नाराजगी से जुड़े वीडियो भी विशेष तौर पर वॉयरल हो।रहे हैं।
इधर, दो दिन पहले मंत्री सुबोध व विधायक किशोर की ताजी जंग भी सभी के सामने है। कई मंत्री व विधायकों की नान परफार्मेन्स ने भी नेतृत्व की नींद उड़ा दी है। कांग्रेस व उक्रांद भी मंत्रियों और विधायकों के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए जवाब तलब कर रहे हैं। नतीजतन, भाजपा नेतृत्व ने चुनावी साल में पार्टी के कुछ वरिष्ठ व जानकार दायित्वधारियों को सरकार की नीतियों और उपलब्धियों के प्रचार प्रसार का जिम्मा सौंपा है।
रविवार की बैठक में सीएम धामी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के लिए दायित्वधारियों की अहम भूमिका रहेगी। दायित्वधारी सरकार और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में कार्य करते हैं। दायित्वधारी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही जनता की अपेक्षाओं, समस्याओं और सुझावों को सरकार तक पहुंचाने में सोशल मीडिया में सक्रिय रहें।
सीएम व प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश के विकास, जनकल्याण एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया। मुख्यमंत्री ने सभी दायित्वधारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संवाद एवं समन्वय बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तथा क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की प्रगति पर भी निरंतर नजर रखी जाए।
जनता से प्राप्त महत्वपूर्ण सुझावों एवं समस्याओं को संबंधित विभागों और शासन के संज्ञान में लाकर उनके त्वरित समाधान के प्रयास किए जाएं।सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के सर्वांगीण विकास और प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दायित्वधारियों से संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में पार्टी के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए दायित्वधारियों की अलग-अलग मंडलों एवं क्षेत्रों में जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। सभी दायित्वधारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में संगठन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक प्रभावी माध्यम है। सभी दायित्वधारी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बनाए रखते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और महत्वपूर्ण निर्णयों को प्रभावी रूप से जनता के बीच पहुंचाएं। इसके साथ ही पार्टी के कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार में भी सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि दायित्वधारी अपने क्षेत्रों में किए जा रहे जनहित के कार्यों एवं गतिविधियों को भी जनता तक पहुंचाएं। सरकार की योजनाओं से आमजन को जोड़ने, पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा सरकार, संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार, संगठन और जनता के बीच बेहतर समन्वय तथा सभी के सामूहिक प्रयासों से सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण के संकल्प को और अधिक गति प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल,ज्योति गैरोला सहित प्रदेश सरकार के विभिन्न आयोगों, निगमों, समितियों एवं प्राधिकरणों में दायित्व संभाल रहे दायित्वधारी उपस्थित रहे।

