
धामी का बतौर सीएम चार जुलाई को पूरा होगा पांच साल पांच दिन का कार्यकाल
राज्य में चार जुलाई से दस जुलाई तक मनाया जायेगा सेवा सप्ताह
हरीश जोशी/पहाड़ का सच देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 4 जुलाई 2026 को अपने मुख्यमंत्री पद के रूप में पांच साल का कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। वे इस अवधि को पूरा करने के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल के रिकॉर्ड को भी तोड़ेंगे।

सीएम धामी 4 जुलाई को अपने दो कार्यकाल पूरे करते हुए यह 5 साल,पांच दिन का ऐतिहासिक सफर पूरा कर रहे हैं। इस अवसर के साथ ही वह उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लेंगे। राज्य के गठन (सन 2000) के बाद से अब तक केवल कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने ही 5 साल का कार्यकाल पूरा किया था।
सरकार और बीजेपी संगठन इस उपलब्धि को लेकर राज्य भर में विशेष कार्यक्रमों और ‘सेवा सप्ताह’ का आयोजन करने की तैयारी कर रहे हैं। प्रदेश में बतौर मुख्यमंत्री अभी तक एनडी तिवारी का कार्यकाल सबसे लंबा पांच साल पांच दिन यानी 1831 दिन (दो मार्च 2002 से सात मार्च 2007 ) था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बतौर मुख्यमंत्री पांच साल पांच दिन का ये कार्यकाल चार जुलाई को पूरा होने जा रहा है। वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव से पहले जुलाई 2021 में राज्य की कमान पुष्कर सिंह धामी को ही मिली थी। चार जुलाई 2021 को पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

2022 के चुनाव के बाद से भी धामी लगातार अपनी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस लिहाज से दो सरकार में लगातार उनका बतौर मुख्यमंत्री कार्यकाल चार जुलाई को एनडी तिवारी से अधिक हो जाएगा।
मुख्यमंत्री धामी द्वारा लिए गए कई साहसिक और दूरदर्शी फैसले देश भर के लिए नजीर बन चुके हैं। इन फैसलों ने राज्य में सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण, और सुशासन को एक नई दिशा दी है।
समान नागरिक संहिता (UCC): उत्तराखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने समान नागरिक संहिता लागू कर एक समान कानून व्यवस्था की नींव रखी।
कड़ा नकल विरोधी कानून: सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता लाने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया।
दंगारोधी और धर्मांतरण कानून: दंगाइयों से नुकसान की वसूली के लिए सख्त दंगारोधी कानून और जबरन धर्मांतरण को रोकने के लिए कठोर कानून बनाए गए हैं।
महिलाओं को आरक्षण: प्रदेश की मूल निवासी महिलाओं के लिए सरकारी नौकरियों में तीस फीसद का क्षैतिज आरक्षण लागू किया गया है।
राज्य की आत्मनिर्भरता: ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई गई और रोजगार के नए अवसर सृजित किए गए। मदरसा बोर्ड को समाप्त कर राज्य में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने का साहसिक व ऐतिहासिक फैसला लिया।
प्रदेशभर में मनेगा सेवा सप्ताह
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सोमवार को विस्तृत दिशा निर्देश जारी किए। इसके तहत प्रदेशभर में चार जुलाई से 10 जुलाई के के बीच सेवा सप्ताह मनाया जाएगा। हर जिले के मुख्य विकास अधिकारी इसके प्रभारी मंत्री या मुख्य मुख्यमंत्री की ओर से नामित प्रतिनिधि की अध्यक्षता में कार्यक्रम होंगे। इसके तहत पहले दिन रोजगार, स्वरोजगार कौशल विकास संबंधित कार्यक्रम, दूसरे दिन प्रदेश में हुई नवीन पहलों, योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम, तीसरे दिन रेल, रोड, रोपवे, उड़ान योजना व अन्य से संबंधित परियोजनाओं के कार्यक्रम, चौथे दिन उद्योग, लघु एवं सूक्ष्म उद्योगों से संबंधित कार्यक्रम दिन कृषि, उद्यान, पशुपालन की उपलब्धियों, नीतियों का प्रदर्शन, छठे दिन महिला युवा, सैनिक कल्याण के लिए राज्य सरकार के प्रयासों के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सातवें स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार से संबंधित अभिनव पहल के कार्य होंगे। जिलों के स्तर पर चिकित्सा शिविर, दिव्यांग जन के शिविर, सूचना विभाग की ओर से सरकार की उपलब्धियों का साहित्य वितरण, जिला मुख्यालय पर मैराथन, खेलकूद प्रतियोगिता,चार जुलाई शाम को हर जिला मुख्यालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।विभाग स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी और पंजीकरण करेंगे। राजस्व विभाग विशेष लोक अदालत समाधान समारोह आयोजित करेगा।
बड़े जश्न की तैयारी में प्रदेश भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के इस 9-10 साल के कार्यकाल में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पांच साल पांच दिन का कार्यकाल जुलाई को पूरा कर लेंगे। इसी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी का रिकॉर्ड टूट जाएगा। भाजपा पूरे उत्साह के साथ प्रदेश भर में एक हफ्ते तक कई कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।

