
देहरादून। छह नंबर पुलिया पर बने शहर के पहले स्मार्ट वेंडिंग जोन में दुकानों के आवंटन और संचालन में बड़ा घपला सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार के पांच-पांच लोगों को दुकानें आवंटित की गई हैं। कई दुकानें तो मृत लोगों के नाम पर भी चल रही हैं। यही नहीं कुछ दुकानें नाम पर किसी और के हैं और चला कोई और रहा है।
स्थानीय पार्षद मेहरबान सिंह भंडारी की शिकायत पर नगर निगम की टीम के सत्यापन में वहां कई गड़बड़ियां सामने आईं। छह नंबर पुलिया में छह साल पहले शहर का पहला स्मार्ट वेंडिंग जोन बनाया गया था। जिसमें शहर के ठेली संचालकों को स्मार्ट दुकानें दी गई थीं। निगम की ओर से यहां 95 स्मार्ट ठेलियों को वैध रूप से आवंटित किया गया है।
बुधवार को जब निगम की टीम ने वहां सत्यापन अभियान चलाया तो वेंडिंग जोन के आसपास करीब 40 ठेलियां अवैध रूप से संचालित पाई गईं। बीस से ज्यादा दुकानें किसी और के नाम पर थीं, लेकिन मौके चला कोई और रहा है। पांच दुकानें मृत लोगों के नाम पर चल रही हैं। बीस से ज्यादा दुकानें लोगों ने खुद ही दूसरों को किराए पर दे रखी हैं। दस दुकानें लोगों ने दो-दो सौ रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किराए पर दे रखी हैं।
सबसे बड़ी बात ये है कि आवंटन के बाद से आज तक इन दुकानों का सत्यापन नहीं हो पाया। इसी बीच दुकानों की सोलर प्लेटें तक सारी खराब हो गई। दुकानदारों ने दुकानों को अपने हिसाब से बदल तक लिया। उसमें पन्नियां लगा दी गई। सोलर प्लेटें ढक दी। अवैध रूप से बिजली तक लगवा ली।
वहीं देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने बताया कि आवंटन में अगर कोई गड़बड़ी हुई है, या मामले में किसी कर्मचारी की संलिप्तता है तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी। जो दुकानें गलत तरीके से चल रही हैं उनको बदला भी जा सकता है। अगर कोई अतिक्रमण कर बनाई गई है तो उस पर भी कार्रवाई होगी।
सवाल ये उठ रहा है कि इतनी बेरोज़गारी है, ज़रूरतमंद लोगों को रोजगार के लिए निगम ने ये वेडिंग जोन बनाया था, पर ये भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। आखिर किसकी सह पर यह सब चल रहा था। स्थानीय पार्षद मेहरबान भंडारी ने सक्रियता ना दिखाई होती तो शायद यह सब आगे भी चलता रहता।

