
पीसीसी अध्यक्ष गोदियाल ने सीएम को लिखा पत्र, निष्पक्ष जांच की मांग

पहाड़ का सच पौड़ी। सतपुली विकासखंड स्थित रैतपुर गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कांग्रेस आक्रामक हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने रविवार को मृतक पंकज कुमार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय पुलिस से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।गोदियाल ने सतपुली पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से वार्ता की और मामले में पारदर्शी कार्रवाई पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि रैतपुर गांव के युवक की कथित तौर पर पुलिस प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या का मामला अत्यंत गंभीर और चिंताजनक है।
यह घटना जहां मानवीय दृष्टि से पीड़ादायक है, वहीं पुलिस कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।पत्र में उल्लेख किया गया है कि परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी तथा सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के बाद युवक को थाने ले जाकर कथित रूप से शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिससे वह मानसिक रूप से आहत हुआ और उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था में बेहद गंभीर और निंदनीय माना जाएगा।
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में इससे पहले भी पुलिस प्रताड़ना से जुड़े मामले सामने आते रहे हैं, जिनमें नैनीताल के खैरना निवासी बालम बिष्ट और टिहरी जिले के लंबगांव निवासी केशव थलवाल के मामलों का जिक्र किया गया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस प्रकार की घटनाओं से आमजन का पुलिस व्यवस्था पर भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और जांच पूरी होने तक आरोपित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए। दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और सुरक्षा प्रदान की जाए।
ये है पूरा मामला
सतपुली क्षेत्र के रैतपुर गांव निवासी 20 वर्षीय युवक पंकज कुमार की मौत के मामले में परिजनों ने पुलिस पर मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। बताया जा रहा है कि एक सड़क दुर्घटना के बाद युवक को थाने ले जाया गया, जहां उसके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार हुआ। घटना से आहत होकर युवक ने आत्महत्या कर ली। पुलिस पर लगे आरोपों को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।इस मामले में सतपुली के थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया है।


