
देहरादून। रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के मामले में देहरादून पुलिस की बीती रात आरोपियों से सीधी भिड़ंत हो गई। राजपुर थाना क्षेत्र के गुनियाल गांव के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। शुक्रवार देर रात राजपुर थाना क्षेत्र के जौहरी गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को ब्रिगेडियर जोशी की हत्या में शामिल संदिग्धों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली।
