
पौड़ी/पोखड़ा। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड पोखड़ा में बीते दिन गुलदार ने एक चार वर्षीय बच्ची को निवाला बना दिया था। आस पास के गांवों में भारी विरोध को देखते हुए जिला प्रशासन को बच्चों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने पड़े हैं। क्षेत्र में व्याप्त दहशत और जान-माल के खतरे को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देश पर प्रभावित इलाकों के 10 विद्यालयों में तीन दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया गया है।

खंड शिक्षा अधिकारी (पोखड़ा एवं बीरोंखाल) मनोज कुमार जोशी ने आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि गुलदार के बढ़ते हमलों और स्थानीय नागरिकों में फैले डर के कारण यह निर्णय लेना अनिवार्य हो गया था। प्रशासन का मानना है कि बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावक डरे हुए हैं, और जंगली रास्तों से गुजरना छोटे बच्चों के लिए घातक साबित हो सकता है।
आदेश के अनुसार, न्याय पंचायत कोलाखाल के तहत आने वाले राजकीय प्राथमिक विद्यालय पाटल्यूं, मयलगांव, पटोटी और जनता इंटर कॉलेज कुण्जखाल (कक्षा 1 से 12 तक) में 4 अप्रैल (शनिवार) से 6 अप्रैल (सोमवार) तक पूर्ण अवकाश रहेगा। इसी तरह, बीरोंखाल ब्लॉक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय तिमली, कण्डूली बड़ी, ढिस्वाणी, भरपूर बड़ा और राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय तिमली व कण्डूली बड़ी में भी की सुरक्षा रिपोर्ट के आधार पर छुट्टियां घोषित की गई हैं।
