
नई टिहरी। जिले के लंबगांव क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहाँ एक डंपर अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना ग्राम क्यारी के ऊपर चारगांव रोड पर स्थित मंदिर के पास की है। रात करीब 12:05 बजे नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन रांगड़ ने पुलिस को हादसे की सूचना दी कि एक क्रेशर डंपर गहरी खाई में गिर गया है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत पुलिस टीम और आपदा उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की जांच में पता चला कि डंपर संख्या UK09CA-0639 माजफ क्षेत्र से माल खाली कर वापस लौट रहा था। चढ़ाई चढ़ते समय अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक ने काम करना बंद किया तो डंपर अनियंत्रित होकर पीछे की तरफ लुढ़क गया और सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के वक्त वाहन में दो लोग सवार थे।
मृतकों की पहचान चालक सूरज राठौड़ (44 वर्ष) निवासी बहराइच, उत्तर प्रदेश और गजेंद्र सिंह रांगड़ (36 वर्ष) निवासी ग्राम रौणिया के रूप में हुई है। पुलिस ने रात में ही रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला।
