
अल्मोड़ा। जनपद के सुदूरवर्ती क्षेत्र देघाट से रविवार को यहाँ एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे गांव में मातम पसर गया है। इस दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को ग्राम चिन्तोली (देघाट) के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अपना संतुलन खो बैठी और गहरी खाई की ओर पलट गई। हादसे के वक्त वाहन में चार लोग सवार थे। घटना की सूचना ग्राम प्रहरी चंदन सिंह द्वारा तत्काल देघाट थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही देघाट थाने से पुलिस बल मौके पर पहुँचा। स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से मलबे में दबे घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देघाट ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले दोनों युवक महज 24 वर्ष के थे, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतकों में दर्शन सिंह (24 वर्ष), पुत्र छोदाण सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली, चन्दन सिंह (24 वर्ष), पुत्र प्रेम सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली शामिल हैं। गोपाल सिंह (24 वर्ष), पुत्र गब्बर सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली व नरेन्द्र सिंह (18 वर्ष), पुत्र दीवान सिंह, निवासी ग्राम चिन्तोली घायल हैं।
