
अल्मोड़ा। सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक कर्मचारी को 25500 रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी की टीम ने जागेश्वर स्थित वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में तैनात वन दरोगा नवीन नौटियाल को 25,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए दबोचा। आरोपी ने शिकायतकर्ता जय प्रकाश से लीसा गड़ान-ढुलान कार्य के पंजीकरण के नवीनीकरण और लंबित बिलों के भुगतान के बदले रिश्वत की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए मौके पर ही पकड़ लिया। मामले में वन क्षेत्राधिकारी जागेश्वर का नाम भी सामने आया है, जिन्हें सह-अभियुक्त बनाया गया है और उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रभागीय वनाधिकारी सिविल सोयम वन प्रभाग प्रदीप धौलाखंडी ने बताया कि उन्हें अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक पत्र प्राप्त नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पत्र मिलने के बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
