
ऋषिकेश। पुलिस ने ऋषिकेश में हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में देर रात छापेमारी कर बड़ी संख्या में लोगों जुआ खेलते हुए पकड़ा। पुलिस ने मौके से कुल 40 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें स्थानीय लोगों के साथ ही अन्य जिलों और राज्यों के लोग भी शामिल हैं। इस पूरे मामले पर एसएसपी देहरादून ने लापरवाही पर आईडीपीएल चौकी प्रभारी समेत पूरी चौकी को सस्पेंड कर दिया है।

वहीं छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से भारी मात्रा में जुआ सामग्री और नकदी बरामद हुई। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 3356 कैसीनो क्वाइन (टिक्की), 1 लाख 37 हजार 600 रुपए नकद और विभिन्न ब्रांड की 9 शराब की बोतलें बरामद की गईं। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि जुआ पार्टी बड़े पैमाने पर और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जा रही थी।
मौके पर मौजूद सभी आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर कोतवाली ऋषिकेश में उनके खिलाफ धारा 123/2026 के तहत जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 और आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, जिस होटल में यह अवैध जुआ पार्टी संचालित हो रही थी, उसकी पहचान हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई के बाद होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। हालांकि होटल का मालिक छापेमारी के दौरान फरार होने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार ठिकानों पर दबिश दे रही है।
वैसे सबसे चौंकाने वाली बात स्थानीय पुलिस की लापरवाही का सामने आया है। एसएसपी देहरादून ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए चौकी आईडीपीएल पर तैनात पूरे स्टाफ को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी समेत कुल 12 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है।
