
नई टिहरी/चंबा। जनपद टिहरी के चंबा ब्लॉक के ग्राम पंचायत खूरेत में आयोजित ग्राम प्रधान अदिति भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में गांव को नशामुक्त एवं संस्कारित समाज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में सर्वसम्मति से यह प्रस्ताव पारित किया गया कि गांव में आयोजित होने वाले सभी सामाजिक, धार्मिक एवं राजनैतिक कार्यक्रमों में शराब पीने एवं पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर रु 21000/- के दण्ड के प्रावधान के साथ ही सामाजिक बहिष्कार भी किया जाएगा।

ग्राम सभा ने सामाजिक जागरूकता और अनुशासन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम समाज सुधार समिति का गठन भी किया। समिति का उद्देश्य गांव में नशामुक्त वातावरण तैयार करना, सामाजिक कुरीतियों पर रोक लगाना तथा सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना है।
इस पहल को “शराब नहीं, संस्कार मुहिम” के अंतर्गत आगे बढ़ाया जा रहा है। मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने ग्राम पंचायत द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए घातक है, इसलिए युवाओं को सही दिशा देने और सकारात्मक वातावरण तैयार करने की आवश्यकता है।
